मध्य प्रदेश की कमलनाथ की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान यहां अपने 97 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल में बंद किये जाने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने शुक्रवार को रोष जताया। पांडे ने जिला जेल में बंद भाजयुमो कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की। इसके बाद उन्होंने जेल के बाहर संवाददाताओं से कहा, “भाजयुमो के महीने भर पहले से घोषित युवा आक्रोश आंदोलन को कुचलते हुए हमारे 97 कार्यकर्ताओं को दुर्भावनापूर्वक गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया गया। इनकी गिरफ्तारी के पीछे राजनीतिक साजिश है जिसका हम जल्द पर्दाफाश करेंगे।”
कार्यकर्ताओं के साथ अपराधियों-सा सलूक हो रहा: उन्होंने आरोप लगाया, “कमलनाथ सरकार हमारे कार्यकर्ताओं के साथ अपराधियों-सा सलूक कर रही है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सत्तारूढ़ कांग्रेस के नेताओं के राजनीतिक औजार के रूप में काम करते नजर आ रहे हैं।” पांडे ने चेतावनी दी कि भाजयुमो के सभी 97 कार्यकर्ताओं को जिला जेल से फौरन रिहा किया जाए। वरना पूरे प्रदेश में आंदोलन छेड़ दिया जायेगा।
Hindi News Today, 20 December 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
शांति भंग करने के मामले में गिरफ्तार: पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका में गिरफ्तार भाजयुमो कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के सामने बृहस्पतिवार (19 दिसंबर) की दोपहर उग्र प्रदर्शन कर रहे थे। जबरन बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिये उन पर पानी की तेज बौछार भी की गई थी। इसके बाद भी प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए।
धारा 147 (बलवा) और धारा 188 के तहत मामला दर्ज: गौरतलब है कि अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 147 (बलवा) और धारा 188 (किसी सरकारी अधिकारी के आदेश की अवज्ञा) के तहत प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।