भाजपा के उन्नाव सांसद साक्षी महाराज एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। भाजपा सांसद ने इस बार झारखंड में मॉब लिंचिंग का शिकार हुए युवक तबरेज से जुड़ी घटना को लेकर विवादित बयान दिया है। दरअसल, मीडिया ने भाजपा नेता से झारखंड के जमशेदपुर में तबरेज नाम के युवक की मॉब लिचिंग को लेकर सवाल पूछा था।

इस संबंध में सवाल पूछने पर भाजपा सांसद भड़क गए। उन्होंने कहा, ‘यह मीडिया के लिए दुर्भाग्य की बात है कि उन्हें तबरेज अंसारी तो याद आता है लेकिन जब सैकड़ों हिंदू मार दिए जाते हैं तो उन्हें वह याद नहीं आते हैं।’ साक्षी महाराज इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने कहा, ‘कश्मीर में सैनिकों के साथ क्या हो रहा वह आपको याद नहीं आता है।

चांदनी चौक में मंदिर तोड़ दिया गया वो भी आपको दिखाई नहीं देता। देश में छोटी-छोटी बच्चियों के साथ आए दिन रेप की घटनाएं हो रही हैं, वह भी आपको नहीं दिख रहा है। केवल एक तबरेज अंसारी की ही बात करेंगे। हिंदुस्तान में और भी लोग रहते हैं उनके बारे में कुछ क्यों नहीं पूछतें हैं आप लोग।’

भाजपा सांसद पार्टी की सदस्यता अभियान से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे हुए थे। मालूम हो कि झारखंड के जमशेदपुर में 17 जून को मुस्लिम युवक तबरेज की बुरी तरह से पिटाई कर दी थी। लोगों ने तबरेज को चोर समझ कर पकड़ लिया था। पुलिस ने तबरेज को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में  उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। यहां उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

तबरेज के घरवालों का कहना था कि ये भीड़ धर्म से प्रेरित थी। यदि प्रशासन ने तबरेज को सही समय पर अस्पताल पहुंचाया होता तो वह मरने से बच सकता था। तबरेज की मौत के बाद परिवार वालों ने पुलिस पर तबरेज का उत्पीड़न करने और उसे पोल से बांध कर पीटने का आरोप लगाया था। घरवालों का आरोप था कि उसका धर्म जानने के बाद पुलिस वालों ने उससे ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ का नारा लगाने पर भी मजबूर किया।