नई दिल्ली। भाजपा ने चार अन्य मुस्लिम चेहरों के साथ जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों के लिए आज अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। राज्य की 87 सदस्यीय विधानसभा के लिए भाजपा इसके साथ ही 72 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है जिनमें से 20 मुस्लिम हैं।
आज जारी सूची के अनुसार रहमान लोन को कुपवाड़ा से, अब्दुल राशिद ज़रगर को लोलाब से, एम. एम. वार को लानगाते से और गुलाम हसन ज़रगर को कुलगाम से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने बिल्लावर चुनाव क्षेत्र से निर्मल सिंह को मैदान में उतारा है।
भाजपा महासचिव ने बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए पांच अन्य उम्मीदवारों के नामों को अपनी मंजूरी दी है। नड्डा केन्द्रीय चुनाव समिति के सचिव भी हैं।
लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करने से उत्साहित भाजपा को जम्मू कश्मीर और झारखंड विधानसभाओं के लिए होने जा रहे चुनावों में भी अच्छे नतीजों की उम्मीद है।
जम्मू कश्मीर और झारखंड विधानसभा के चुनाव पांच चरणों में होंगे जो 25 नवंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेंगे। नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे।
जम्मू कश्मीर में सफलता पाने के लिए भाजपा महत्वाकांक्षी रणनीति बनाकर राज्य के कुछ छोटे दलों और यहां तक कि कश्मीर घाटी में कुछ उदारवादी अलगाववदियों से भी तालमेल कर सकती है।