उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले बीजेपी और सपा आमने-सामने हैं। सपा के दो नेताओं पर बलात्कार के आरोप लगे हैं, ऐसे में बीजेपी का कहना है कि लोकसभा चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद से अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद हो गए हैं। हालांकि सपा ने इसे एक साजिश करार दिया है। लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने खासतौर पर उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन किया था। बीजेपी के सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यूपी में दो लड़कों की ताकत बढ़ने से अपराधियों के हौसले बुलंद हुए हैं। उनका इशारा राहुल गांधी और अखिलेश यादव की ओर था।

‘यूपी में सपा की ताकत बढ़ने से बढ़ रहा है अपराध’

समाचार एजेंसी पीटीआई की एक खबर के मुताबिक भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सपा पर अपराधियों को पनाह देने का आरोप लगाया और बलात्कार प्रयास के आरोप में उससे जुड़े दो लोगों की गिरफ्तारी को लेकर सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा जहां अपराधियों का ‘बचाव’ कर रही है वहीं विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के सदस्य अपने गठबंधन सहयोगियों के आपराधिक नेताओ की मदद कर रहे हैं।

‘दो लड़कों’ पर साधा निशाना

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘‘दो लड़कों से जुड़े लोग अपराध करते रहे हैं। इन दो लड़कों की ताकत बढ़ने के बाद से अपराधियों का दुस्साहस बढ़ रहा है।’’ 2017 के विधानसभा चुनाव के लिए अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच गठबंधन के बाद दोनों की जोड़ी को ‘यूपी के दो लड़के’ कहा गया था।

अब बीजेपी की ओर से उन्हें निशाना बनाते हुए लोकसभा चुनाव-2024 का जिक्र किया गया है। इसके अलावा सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रियंका गांधी भी सपा नेताओं के अपराध पर खामोश है। पश्चिम बंगाल के मामले की जांच तत्काल सीबीआई को सौंपने की मांग करते हुए त्रिवेदी ने सवाल किया कि क्या इसलिए इतना समय दिया जा रहा है ताकि मामले में हेरफेर किया जा सके।