भाजपा ने कोरोना संकट के बीच पश्चिम बंगाल सरकार और कांग्रेस पर प्रवासी मजदूरों की घर वापसी के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा की तरफ से पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह आरोप लगाए गए। संबित पात्रा ने बताया कि ममता बनर्जी सरकार ने अभी तक सिर्फ 9 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों को राज्य में प्रवेश करने की इजाजत दी है। पात्रा ने कहा कि पश्चिम बंगाल के प्रवासी मजदूर बड़ी संख्या में लॉकडाउन के चलते दूसरे राज्यों में फंसे हुए हैं, लेकिन ममता बनर्जी सरकार ट्रेनों को राज्य में प्रवेश करने की इजाजत ही नहीं दे रही है।
संबित पात्रा ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को भी निशाने पर लिया और कहा कि राज्य सरकार ने अभी तक सिर्फ 10 ट्रेनों को राज्य में प्रवेश की इजाजत दी गई है। झारखंड में भी कांग्रेस की झामुमो के साथ गठबंधन सरकार है। झारखंड सरकार पर आरोप लगाते हुए संबित पात्रा ने कहा कि हेमंत सोरेन ने अभी तक सिर्फ 48 ट्रेनों को राज्य की सीमा में प्रवेश की इजाजत दी है।
पश्चिम बंगाल की ममता सरकार को निशाने पर लेते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय के पत्र लिखने और केन्द्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल के फोन करने के बावजूद ममता सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि उनके नेता इस मुद्दे पर लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राजनीति कर रहे हैं।
पात्रा ने कहा कि गृह सचिव ने पत्र लिखकर सभी राज्य सरकारों को कहा है कि वह श्रमिकों को सही तरीके से ट्रेनों तक पहुंचाएं, शेल्टर होम में रखे और उनके खाने-पीने का ध्यान रखे। इसके लिए केन्द्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों को पैसा दिया हुआ है। भाजपा की तरफ से आरोप लगाया गया कि ममता बनर्जी सरकार और कांग्रेस शासित प्रदेशों में कुछ नहीं किया जा रहा है और श्रमिक स्पेशल ट्रेनों को राज्य में आने की इजाजत भी नहीं दी जा रही है।
संबित पात्रा ने इस दौरान उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की तारीफ की और कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में 487 ट्रेनों को राज्य में आने की इजाजत दी है। वहीं बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने 254 ट्रेनों के राज्य में आने की इजाजत दी है।