देश कोरोना की दूसरी लहर से सामना कर रहा है। इसी बीच किसान अपनी मांगों को लेकर पिछले 6 महीनें से आंदोलन कर रहे हैं। इसी मुद्दे पर चर्चा के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश सिंह के बयान पर भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया बिफर गए। भाटिया ने चिल्लाते हुए कहा कि नैतिकता की बात तो आप मत ही करिए। अगर पूरी कांग्रेस पार्टी को निचोड़ दिया जाये तो नैतिकता का एक बूंद भी नहीं निकलेगी। ये बहस न्यूज़ 18 के आर- पार शो में हो रही थी।
कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश सिंह ने एंकर के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि आज वैक्सीनेशन पर बहस होनी चाहिए सरकार को यह बताना चाहिए की भारत के सभी लोगों तक वैक्सीन कब पहुंचेगी। इस दौरान एंकर ने अखिलेश सिंह टोकते हुए कहा कि आप मुद्दे पर बात करिये। हम आज किसानों पर चर्चा कर रहे है। अखिलेश सिंह ने एंकर पर कम समय देने का आरोप लगते हुए कहा कि अमीश देवगन क्या आप ये कह रहे हैं कि किसान को वैक्सीन नहीं चाहिए? इस बात पर पलटवार करते हुए एंकर अमीश देवगन ने कहा कि क्या अखिलेश सिंह कह रहे है कि किसानों को भीड़ जुटानी चाहिए ?
अखिलेश सिंह ने कहा कि जो व्यक्ति जिम्मेदारी पर बैठा हुआ है उसकी जवाबदेही तो बनती ही है। इसी पर गौरव भाटिया ने अखिलेश सिंह को टोका। अखिलेश सिंह ने कहा कि जरा आप नैतिकता से बात किया करिए। अखिलेश सिंह की इस बात पर बीजेपी प्रवक्ता भड़क गए उन्होंने कहा कि नैतिकता की बात तो आप मत ही करिए। अगर पूरी कांग्रेस पार्टी को निचोड़ दिया जाये तो नैतिकता की एक बूंद भी नहीं निकलेगी। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया यही नहीं रुके, आगे उन्होंने कहा कि किसी की नहीं लेकिन अपने पार्टी के कैप्टन अमरिंदर सिंह की तो सुनो। इसके लिए कान साफ करा लो।
आपको बता दें की पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसानों से अपने प्रस्तावित धरने को रद्द करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह धरना बड़े स्तर पर कोरोना फैलने का कारण बन सकता है।
गौरव भाटिया ने अखिलेश सिंह से पूछा कि आप बताइये किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से 30 हजार करोड़ रुपये की क़िस्त किसने दी? आपकी पार्टी के लोगों ने अपनी जेब भरने के लिए किसानों को लूटा है। इतना ही नहीं गौरव भाटिया ने अखिलेश सिंह को खानदानी चोर तक कह दिया।
डिबेट के दौरान कई बार अखिलेश सिंह ने गौरव भाटिया पर आरोप लगाया कि जब आप दूसरी पार्टी में थे तो भी इसी तरह की भाषा का प्रयोग बीजेपी के लिए करते थे। आपको बता दें की गौरव भाटिया 2017 तक सपा में थे। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में सपा की करारी हार के बाद उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था।