BJP MP Hardwar Dubey Passes Away: बीजेपी के वरिष्ठ और राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे का सोमवार को निधन हो गया। वह उत्तर प्रदेश के आगरा में छावनी विधानसभा सीट से दो बार विधायक भी रहे हैं। उनके निधन की सूचना पर आगरा समेत आसपास के इलाके में शोक है। 74 साल के हरिद्वार दुबे ने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। यहां उनका पिछले काफी दिनों से इलाज चल रहा था। उनके बेटे प्रांशु दुबे ने पिता के निधन की पुष्टि की है।
सीएम योगी ने जताया शोक
हरद्वार दुबे के निधन पर सीएम योगी ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा माननीय राज्यसभा सांसद, पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार हरिद्वार दुबे जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें।
कैसा रहा राजनीतिक सफर
हरद्वार दुबे आगरा की छावनी विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। वह यूपी में कल्याण सिंह सरकार में वित्त मंत्री भी रहे हैं। 2020 में बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। उन्होंने यूपी में ब्राह्मण वोटरों को साधने में अहम भूमिका निभाई। वह सीतापुर और अयोध्या समेत कई जिलों में संघ के प्रचारक भी रहे हैं।
