अगले साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपनी कमर कस ली है। इन विधानसभा चुनावों में जीत के लिए भाजपा ने ‘प्लान 100’ बनाया है। भाजपा ने इस प्लान के तहत अपने 100 सांसदों को इन पांच राज्यों में उतारने की तैयारी की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इन सभी सांसदों से कहा गया है कि उन्हें संसद के वर्तमान शीतकालीन सत्र में आने की जरूरत नहीं है और अब वे सोमवार से दिल्ली छोड़ पार्टी द्वारा निर्धारित किए गए प्रदेशों में जाएं और वहां पार्टी के कामकाज को देखें और संगठन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों में हिस्सा लें।
बता दें कि अगले साल जिन पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव होने हैं उनमें पंजाब को छोड़कर हर जगह भाजपा सत्ता में है। इसलिए भाजपा पंजाब पर भी अपनी नजर बनाए हुई है। कृषि कानून वापस होने के बाद पंजाब से भाजपा की उम्मीदें बढ़ गई है। भाजपा ने पंजाब में कैप्टन अमरिंदर और सुखदेव सिंह ढींडसा की पार्टी के साथ गठबंधन करने का मन बनाया है। इसलिए भाजपा ने अपने प्लान 100 में पंजाब पर अच्छा खासा ध्यान दिया है।
भाजपा ने अपने इस प्लान के तहत दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल के सांसदों की ड्यूटी पंजाब में लगाई है। जबकि असम और नॉर्थ ईस्ट के सांसद मणिपुर में लगाए गए हैं। वहीं गोवा का जिम्मा महाराष्ट्र के सांसदों को दिया गया है। इसके अलावा बिहार के कई सांसदों को पूर्वांचल का जिम्मा दिया गया है। जबकि उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में कई राज्यों के सांसद और कई केंद्रीय मंत्रियों को लगाया गया है।
ये सभी सांसद आगामी सोमवार से लगातार अपने तय प्रदेशों में शिविर लगाएंगे और अन्य कार्यक्रम करेंगे। भाजपा के सांसद लोगों के बीच जाकर अपनी पार्टी की राज्य सरकारों और केंद्र सरकारों के कामकाज का प्रचार करेंगे। साथ ही पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की भी देखरेख करेंगे और इसकी रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को देंगे।