पश्चिम बंगाल में टीएमसी और भाजपा के बीच तनातनी जारी है। ममता बनर्जी राज्य में जय श्री राम का नारा लगाने वाले लोगों के खिलाफ सार्वजनिक रुप से अपना गुस्सा दिखा चुकी हैं। अब भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने इस मुद्दे पर एक ऐसा बयान दिया है, जिस पर विवाद हो सकता है। दरअसल साक्षी महाराज ने ममता बनर्जी को राक्षस हिरण्य कश्यप के खानदान का बता दिया है। हरिद्वार में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल का नाम आते ही त्रेता युग् की याद आ जाती है, जब राक्षस हिरण्यकश्यप ने जय श्री राम बोलने पर अपने ही बेटे को जेल में डालकर यातनाएं दी थीं। बंगाल में ममता भी यही कर रही हैं। जय श्री राम बोलने पर जेल में डाल रही हैं और यातनाएं दे रही हैं। ममता कहीं हिरण्य कश्यप के खानदान की तो नहीं हैं?
भाजपा सांसद ने ममता बनर्जी पर अलगाववाद की राजनीति करने का आरोप भी लगाया और कहा कि इससे बंगाली आहत हैं और ममता बनर्जी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। साक्षी महाराज ने दावा किया कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की सरकार बनेगी। बता दें कि हाल ही में ममता बनर्जी अपने काफिले के साथ गुजर रहीं थी, तभी सड़क किनारे भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने जय श्री राम के नारे लगाने शुरु कर दिए। इससे ममता बनर्जी भड़क गईं और उन्होंने जय श्री राम का नारा लगाने वाले लोगों को भाजपा के गुंडे करार दे दिया और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात भी कही।
वहीं बंगाल में भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद अर्जुन सिंह ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए बताया कि हमने मुख्यमंत्री आवास पर 10 लाख पोस्टकार्ड भेजने का निर्णय लिया है, जिन पर जय श्री राम लिखा होगा। भाजपा कार्यकर्ताओं पर जय श्री राम बोलने के लिए हुए लाठीचार्ज के विरोध में ऐसा किया जाएगा। अर्जुन सिंह पहले टीएमसी विधायक रह चुके हैं, लेकिन आम चुनावों से कुछ समय पहले ही वह भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा ने अर्जुन सिंह को बैरकपुर लोकसभा सीट से टिकट दिया, जिस पर अर्जुन सिंह जीतकर संसद पहुंचे हैं। लोकसभा चुनावों में भाजपा ने टीएमसी को कड़ी टक्कर दी है। राज्य की 42 लोकसभा सीटों मं से टीएमसी के खाते में जहां 22 सीटें गईं, वहीं भाजपा को 18 सीटें मिली हैं।