भाजपा सदस्यों ने कांग्रेस के 25 सदस्यों को निलंबित किए जाने को लेकर युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा अध्यक्ष पद पर हमला बोले जाने के खिलाफ सदन में गुरुवार को विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव का नोटिस दिया। जिस पर अध्यक्ष विचार कर रही हैं।
महाराष्ट्र से भाजपा सदस्य किरीट सोमैय्या ने यह मामला उठाते हुए कहा कि देश में ऐसी घटनाएं पहले कभी नहीं हुई। जबकि पार्टी के मुख्य सचेतक अर्जुन राम मेघवाल ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पर पक्षपात करने और कार्रवाई के पीछे निहित मकसद होने के आरोप लगाए गए हैं।
संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव के नोटिस विशेषाधिकार समिति को भेजे जाने की अपील करते हुए अध्यक्ष से कहा कि वे इस मुद्दे को व्यक्तिगत स्तर पर नहीं लें क्योंकि इसमें स्पीकर को एक संस्थान के रूप में निशाना बनाया गया है। महाजन ने कहा कि वे इस पर विचार कर रही हैं। आरके सिंह समेत कई भाजपा सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
नायडू ने कहा- यदि कोई स्पीकर के घर के बाहर उनके खिलाफ प्रदर्शन करता है और उनका पुतला जलाने की धमकी देता है। यह और कुछ नहीं बल्कि ब्लैकमेलिंग है। यह बेहद गंभीर मामला है। यह व्यवस्था पर हमला है। यहां तक कि बाहर लोगों में गुस्सा है। लोग स्पीकर से असहमति रख सकते हैं। स्पीकर के घर पर जाने का क्या मतलब है। युवा कांग्रेस के सदस्यों ने पार्टी के 25 सदस्यों को लोकसभा की कार्यवाही से पांच दिन के लिए निलंबित किए जाने के फैसले के खिलाफ बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के घर के बाहर व्यापक प्रदर्शन किया था।