इन दिनों भाजपा नेता कभी अपने बयानों को लेकर तो कभी अपनी करतूतों के कारण मुश्किलें खड़े करते नज़र आ रहा है। कर्नाटक में भाजपा के दो विधायक विधानसभा की कार्यवाही के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर बुरी तरह घिर गए हैं। मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब भाजपा के एक विधायक प्रभु चह्वाण कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी की तस्वीर को जूम करके देखते हुए कैमरे में कैद हो गए। पूरे मामले पर नेता विपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने सफाई देते हुए कहा कि भाजपा विधायक का प्रियंका की तस्वीर देखने के पीछे गलत मंशा नहीं थी।

एक स्थानीय टीवी चैनल द्वारा प्रसारित वीडियो फुटेज में भाजपा विधायक प्रभु के अलावा यूबी बांकर सदन में फोन का इस्तेमाल करते देखे जा सकते हैं। बांकर मोबाइल पर ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रहे थे, जबकि प्रभु बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनकी बेटी प्रियंका की तस्वीर देखते कैमरे में कैद हो गए।

priyanka-gandhi-bjp

विवाद तब बढ़ गया जब वह प्रियंका की तस्वीर को जूम इन करके देखते हुए पकड़ गए। अपने इस आचरण पर प्रभु ने कहा कि वह मोबाइल पर पीएम मोदी समेत देश के राष्ट्रीय नेताओं की तस्वीरें देख रहे थे। इस बीच उनकी नजर प्रियंका की एक तस्वीर पर पड़ी। तस्वीर के नीचे लिखे स्लोगन को पढ़ने के लिए उन्होंने उस तस्वीर को जूम किया था। इसके पीछे उनकी कोई दूसरी मंशा नहीं थी।

प्रभु ने स्वीकार किया कि वह गलती से अपना फोन सदन में लेकर चले गए थे। पूर्व मुख्यमंत्री शेट्टार ने कहा कि भाजपा विधायक का कोई गलत इरादा नहीं था। भाजपा विधायकों से सदन की गरिमा बनाए रखने की हिदायत दी गई है।