भारतीय जनता पार्टी आज से सदस्यता अभियान शुरू करेगी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सदस्यता का नवीनीकरण किया जाएगा। बीजेपी के संविधान के अनुसार हर 5 साल बाद सदस्यता अभियान चलाया जाता है। बीजेपी ने इस बार 10 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है और कहती है कि उसके 18 करोड़ से अधिक सदस्य हैं।

10 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

इस बार बीजेपी का सदस्यता अभियान 51 दिनों तक चलेगा और इसमें सभी सदस्यों की सदस्यता भी रिन्यू करनी है और 10 करोड़ नए सदस्य भी बनाने हैं। अहम बात यह है कि यह सब काम पार्टी को 51 दिन के अंदर ही करना है। 2014 में जब पार्टी ने सदस्यता अभियान चलाया था, तब पार्टी ने 11 करोड़ से अधिक सदस्य जोड़े थे और यह करीब 6 महीने तक चला था।

बीजेपी का सदस्यता अभियान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में शुरू किया जा रहा है। ऑनलाइन मोड में मिस्ड कॉल, नमो ऐप, वेबसाइट और क्यूआर कोड स्कैन करके कोई भी पार्टी का सदस्य बन सकता है। एक बार जिसने सदस्यता ले ली तो वह 6 साल तक पार्टी का सदस्य रहेगा और उसके बाद फिर से सदस्यता रिन्यूअल की जाती है।

जम्मू-कश्मीर: BJP को बड़ा झटका! दो सीनियर नेताओं ने दिया इस्तीफा, ऐसे बढ़ा सकते हैं पार्टी की मुश्किलें

28 करोड़ सदस्य करने का लक्ष्य

2014 में बीजेपी ने बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाया था और काफी चर्चा हुई थी। इस दौरान 11 करोड़ लोग बीजेपी से जुड़े थे। वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी ने एक बार फिर से सदस्यता अभियान चलाया और इस बार सात करोड़ नए सदस्य बने। यानी की पार्टी के सदस्य 18 करोड़ से अधिक हो गए। इस बार बीजेपी का लक्ष्य 10 करोड़ नए सदस्य बनाने का है और अगर पार्टी इसमें सफल हो पाती है तो उसके सदस्य 28 करोड़ पहुंच जाएंगे।

AI का इस्तेमाल

पार्टी सदस्यता अभियान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी इस्तेमाल करेगी। इसका इस्तेमाल पार्टी इसलिए कर रही है ताकि कोई एक व्यक्ति दो बार सदस्यता ना ले पाए और सदस्यों की गिनती सही हो।