कांग्रेस नेता राहुल गांधी आए दिन मोदी सरकार पर उनकी नीतियों को लेकर निशाना साधते रहते हैं। हाल ही में कृषि सुधार विधेयक के मुद्दे पर राहुल गांधी मोदी सरकार पर हमलावर है। अब इस पर भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने निशाना साधा है। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि “राहुल गांधी लफ्फाजी का लॉलीपॉप हो गए हैं, लफ्फाजी से ज्यादा इनके पास और कुछ नहीं रह गया। रोज कहीं से उधार कविता लिखाकर ट्वीट कर देते हैं।”

किसानों के मुद्दे पर किए गए एक अन्य ट्वीट में राहुल गांधी ने शायराना अंदाज में ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘किसानों के बाद मजदूरों पर वार। गरीबों का शोषण, मित्रों का पोषण, यही है बस मोदी जी का शासन।’ राहुल गांधी ने बीते दिनों संसद में पास हुए कृषि सुधार विधेयकों की आलोचना करते हुए उन्हें ‘काला कानून’ करार दिया था।

नकवी ने इस दौरान ये भी कहा कि भय और भ्रम का माहौल पैदा करके बिचौलियों की जागीरदारी को बचाने की कोशिश चल रही है। ये विधेयक किसानों के हित में हैं, ये किसानों की समस्याओं के समाधान, किसानों को बिचौलियों से मुक्ति देने वाले हैं। इनके कहने से कोई विधेयक वापस नहीं होने वाला है। बता दें कि कांग्रेस इन विधेयकों को वापस लेने की मांग कर रही है।

बता दें कि हाल ही में राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया था कि ‘मोदी सरकार की प्राथमिकताएं- किसानों और मजदूरों से बात करने और उनकी समस्याएं सुलझाने के बजाय वो (मोदी सरकार) पीआर में लगे हैं।’ राहुल गांधी ने यह तंज फिट इंडिया डायलॉग 2020 में पीएम मोदी के शामिल होने पर किया था। इस कार्यक्रम में पीएम ने कई फिटनेस आइकॉन से बातचीत की थी।

राहुल गांधी इन दिनों कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ विदेश दौरे पर हैं। इस दौरान वह सोशल मीडिया पर खासे सक्रिय हैं और लगातार भाजपा सरकार को निशाने पर ले रहे हैं। हाल ही में मध्य प्रदेश सरकार ने विधानसभा में एक प्रश्न के लिखित जवाब में कहा था कि पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार ने राज्य के 51 जिलों में किसानों का कर्ज माफ किया।

इस पर राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि ‘कांग्रेस- जो किया, सो किया। भाजपा- सिर्फ झूठे वादे’। पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी इस मुद्दे को लेकर अपनी सरकार की पीठ थपथपायी थी और शिवराज सरकार पर निशाना साधा।