दिग्गज भाजपा नेता जीवीएल नरसिम्हा राव ने मंगलवार (28 जनवरी, 2020) को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने ‘देशद्रोह’ के आरोपी शरजील इमाम के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की। भाजपा नेता ने एक ट्वीट में कहा, ‘केजरीवाल ने शरजील इमाम के खिलाफ एक भी शब्द नहीं बोला है। उसके देशद्रोही कमेंट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। AAP गंदी राजनीति कर रही है। आपने शरजील इमाम को कहीं छिपा रखा है। जैसे आपने जेएनयू देशद्रोह मामले में कन्हैया कुमार और अन्य लोगों को बचाया। क्या आपको ऐसी गंदी राजनीति पर शर्म नहीं आती अरविंद केजरीवाल?’

भाजपा नेता ने ये ट्वीट सीएम केजीवाल के उस ट्वीट के पलटवार में किया, जिसमें उन्होंने शरजील मामले में गृह मंत्री अमित शाह को घेरने की कोशिश की। सोमवार को किए ट्वीट में अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘शरजील ने असम को देश से अलग करने की बात कही। ये बेहद गंभीर है। आप देश के गृह मंत्री हैं। आपका यह बयान निकृष्ट राजनीति है। आपका धर्म है कि आप उसे तुरंत गिरफ्तार करें। उसे ये ऐसा कहे दो दिन हो गए। आप उसे गिरफ्तार क्यों नहीं कर रहे? क्या मजबूरी है आपकी? या अभी और गंदी राजनीति करनी है?’

उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी प्रतिक्रियाएं दी हैं। ट्विटर यूजर रॉय लिखते हैं, ‘मुझे लगता है कि शरजील पश्चिम बंगाल में है।’ रितांगशु भट्टाचार्य लिखते हैं, ‘सर क्या आप रिप्लाई करने से पहले अरविंद केजरीवाल का ट्वीट पढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि शरजील का बयान गंभीर है और उसकी गिरफ्तारी की भी मांग की।’ एक यूजर मोनल लिखती हैं, ‘क्या आपने अनुराग ठाकुर के बयान की निंदा की? क्या तुम्हारे में हिम्मत है? क्योंकि अनुराग ठाकुर पीएम मोदी की आंखों का तारा हैं। तुम बहुत खराब हो।’

बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान शाहीन बाग और जामिया मिल्लिया इस्लामिया में भड़काऊ भाषण देने के आरोपी शरजील इमाम की तलाश में पांच राज्यों की पुलिस जुटी है। शरजील के खिलाफ पहले असम और यूपी में मामला दर्ज हुआ। इसके बाद दिल्ली, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में इतिहास अध्ययन केंद्र के पीएचडी छात्र शरजील के खिलाफ इन राज्यों में देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है।