अक्सर अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार की नीतीश कुमार की सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने बेगूसराय के रजौड़ा में हिन्दुओं के असुरक्षित होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि अगर हिंदू बेगूसराय में सुरक्षित नहीं रहेगा तो वो कहां जाएं? बता दें कि बीते दो दिनों में दो पक्षों के बीच हुए विवाद को लेकर केंद्रीय मंत्री ने अपने ही गठबंधन की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
क्या था मामला: दरअसल बेगूसराय में होली की रात फुलवरिया थाना क्षेत्र में दो पक्षों में मामूली बात को लेकर बवाल हो गया था। इसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार से हमला बोलकर 3 लोगों को घायल कर दिया। इसको लेकर गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि बच्चों के विवाद में हिंदुओं पर एकजुट होकर हथियार और तलवार से हमला किया गया। बाद में गिरिराज सिंह घायलों से मिलने सदर अस्पताल पहुंचे थे।
प्रशासन सबूत मिटाने में लगा: नीतीश सरकार की पुलिस पर आरोप लगाते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन रजौड़ा की घटना से जुड़े सबूतों को मिटाने में लगा हुआ है। प्रशासन ने घटना की सीसीटीवी डीवीआर को जब्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है।
सीएम नीतीश कुमार से निवेदन करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आप हस्तक्षेप करें और लोगों को न्याय दिलाने का काम करें। इसमें दोषियों को पकड़ने की जगह एक पक्ष के घर की महिलाओं को परेशान किया जा रहा है।
तेजस्वी यादव ने बोला हमला: गिरिराज सिंह के आरोपों से अलग आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी नीतीश कुमार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिहार में तानाशाही का राज है। कई मंत्री भी कह रहे हैं कि अधिकारी उनकी नहीं सुनती है। सबको पता है कि सीएम नीतीश से बिहार संभल नहीं रहा है। उनसे नौकरी मांगने जाओ तो लोगों को लाठी मिलती है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में क्राइम लगातार बढ़ता जा रहा है, उसे छिपाने के लिए आए दिन बातें बनाई जाती हैं। सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि बिहार में पूरी तरह प्रशासनिक अराजकता फैल चुकी है, इसकी जांच होनी चाहिए। तेजस्वी यादव ने कहा कि इस सरकार को बिहार की कोई चिंता नहीं है बस सत्ता में बने रहने के लिए लगे हुए हैं। यह सरकार बस अपनी कुर्सी बचाने में लगी है।