बुर्के को लेकर बयान देने वाले योगी सरकार के मंत्री रघुराज सिंह को भाजपा ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है । नोटिस में पार्टी ने रघुराज सिंह पर पार्टी की पॉलिसीज का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है और उनके बयान पर स्पष्टीकरण मांगा है।

रघुराज सिंह का बयान वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। रघुराज सिंह को एक हफ्ते के अंदर इस नोटिस का जवाब देना है।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ‘किसी भी बहन बेटी चाहे वह हिंदू हो या मुस्लिम, उनकी मर्यादा के खिलाफ कोई टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। महिलाओं और बेटियों का सम्मान पार्टी की रीति-नीति है और उसका पालन करना हर कार्यकर्ता का दायित्व है।’

बता दें कि रघुराज सिंह ने अपने एक बयान में बुर्के पर बैन की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि “मैं राज्य और केन्द्र सरकार से मांग करता हूं कि बुर्के पर बैन लगाया जाए क्योंकि आतंकवादी बुर्के का इस्तेमाल कर देश में घुस सकते हैं।”

योगी सरकार में मंत्री रघुराज सिंह ने कहा कि “जैसे शाहीन बाग जो बुर्का पहन रहे हैं, इसका गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। इसलिए इसका इस्तेमाल बंद होना चाहिए।”

 

रघुराज सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम राज्य मंत्री हैं। रविवार को अलीगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान रघुराज सिंह ने बुर्के पर बैन को लेकर बयान दिया था।  रघुराज सिंह ने कहा कि “लक्ष्मण जी ने जब शूर्पणखा की नाक और कान काटे तो उन्होंने बुर्का पहना, जिससे उनका चेहरा ढका रहे। इसलिए जो बुर्का पहनता है वह दैत्यों के वंशज हैं। आम आदमी बुर्का नहीं पहनेगा। बुर्के का सिस्टम अरब देश से निकला है।”

उल्लेखनीय है कि रघुराज सिंह के बयान पर इससे पहले भी विवाद हो चुका है। रघुराज सिंह ने अपने एक बयान में पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नारे लगाने वालों को जिंदा दफनाने की धमकी दे डाली थी। जिस पर काफी हंगामा हुआ था।