प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की तेलंगाना यात्रा के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी आज हैदराबाद में एक रणनीति बैठक करेगी।  भाजपा की यह बैठक 2024 के चुनावों से पहले एक अहम बैठक मानी जा रही है। जिसमें पार्टी महत्वपूर्ण राज्य चुनावों और आम चुनावो पर रणनीति को लेकर चर्चा करेगी। बैठक की अध्यक्षता भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे, जिसमें पार्टी के 11 राज्य प्रमुख शामिल होंगे।

भाजपा आगामी चुनावों से पहले कमियों की पहचान करने और खास तौर  से कर्नाटक में हालिया हार के बाद एक कार्य योजना तैयार करने की योजना बना रही है।

तेलंगाना पर भी नज़रें 

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा तेलंगाना पहुंच चुके हैं। भाजपा आम चुनावों से पहले किसी भी राज्य में कमजोर नहीं दिखाई देना चाहती। इसीलिए पार्टी का ध्यान चुनावी राज्य तेलंगाना पर भी है। विधानसभा चुनाव केवल छह महीने दूर हैं, भाजपा पहले से ही राज्य नेतृत्व में आंतरिक संघर्ष की समस्या से जूझ रही है। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को हाल ही में तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। नेतृत्व में इस बदलाव के बाद अब  जी किशन रेड्डी ने बंदी संजय की जगह ले ली, यह भाजपा का एक बड़ा फैसला माना जा रहा है। 

 जी किशन रेड्डी को आगामी राज्य चुनाव जीतने का काम सौंपा गया है क्योंकि तेलंगाना भाजपा के लिए दक्षिण का प्रवेश द्वार बन सकता है।

मंत्रीमण्डल में फेरबदल की सुगबुगाहट 

भाजपा की इस बैठक में केंद्रीय मंत्रीमण्डल में बदलाव को लेकर भी चर्चा हो सकती है। उम्मीद है कि पीएम मोदी अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल करेंगे, जो 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से एक और कदम है। पिछले कुछ दिनों में अमित शाह, नड्डा और भाजपा महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने संगठन और राजनीतिक मुद्दों पर कई दौर की चर्चा की है। इस वर्ष के अंत में राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, तेलंगाना, मिजोरम में चुनाव होने हैं। मंत्रिपरिषद की बैठक संसद के मानसून सत्र से कुछ दिनों पहले हो रही है।