आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि शराब घोटाला बीजेपी ने किया है, आम आदमी पार्टी की सरकार ने नहीं। संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गहरी साजिश के शिकार हैं। संजय सिंह ने कहा कि कुचक्र रचकर देश के बेटे अरविंद केजरीवाल के खिलाफ साजिश रची गई और उन्हें जेल भेजा गया। संजय सिंह ने कहा कि शराब घोटाले में बीजेपी के बड़े नेता शमिल हैं।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा, ”एक व्यक्ति हैं, मगुंटा रेड्डी, जिन्होंने 3 बयान दिए, उनके बेटे राघव मगुंटा ने 7 बयान दिए। 16 सितंबर को, जब उनसे (मगुंटा रेड्डी से) पहली बार ईडी ने पूछा था कि क्या वह अरविंद केजरीवाल को जानते हैं उन्होंने सच बताया और कहा कि उनकी मुलाकात अरविंद केजरीवाल से हुई थी लेकिन चैरिटेबल ट्रस्ट की जमीन के मामले में। उसके बाद उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया और 5 महीने जेल में रखने के बाद उनके पिता ने अपना बयान बदल दिया।”
संजय सिंह ने आगे कहा, “10 फरवरी से 16 जुलाई तक राघव मगुंटा के सात बयान लिए गए, सात में से छह बयानों में उन्होंने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कुछ नहीं कहा, लेकिन 16 जुलाई को सातवें बयान में उन्होंने अपना रुख बदल लिया और साजिश का हिस्सा बन गए। 5 महीने की प्रताड़ना के बाद उन्होंने अपना बयान बदल दिया और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ खड़े हो गए।”
संजय सिंह ने दावा करते हुए कहा कि दिल्ली शराब घोटाले में जिन लोगों को आरोपियों के रूप में पकड़ा गया था, उन्होंने जब तक अरविंद केजरीवाल का नाम नहीं ले लिया, तब तक ईडी ने उनके बयान को भरोसे लायक नहीं माना लेकिन जैसे ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल का नाम लिया, उस बयान को ED ने मान लिया।
इसके पहले गुरुवार को भी संजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि वे अन्य मुख्यमंत्रियों को भी जेल भेजने की तैयारी कर रहे हैं। यह देश में लोकतंत्र और संविधान के लिए बहुत खतरनाक है और हमें इसके खिलाफ लड़ने की जरूरत है।