Delhi MCD Bypoll Results 2025: दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में हुए उपचुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित हो चुके हैं। कुल 12 सीटों में से भाजपा ने 7, आम आदमी पार्टी ने 3 तो कांग्रेस एक और एक पर ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक ने जीत का दर्ज की है। सबसे बड़े मार्जिन से शालीमार बाग से बीजेपी की उम्मीदवार अनीता जैन ने 10101 वोटों से जीत दर्ज की है। अनीता जैन को यहां 16843 वोट मिले हैं, जबकि उनकी करीबी प्रतिद्वंद्वी और आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी बबीता राणा महज 6742 वोट पर ही सिमट गईं।
शालीमार बाग बी में कुल 37.53 प्रतिशत मतदान हुआ। महिलाओं के लिए आरक्षित यह वार्ड नंबर 56, बीजेपी के लिए एक महत्वपूर्ण सीट है क्योंकि दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने और मुख्यमंत्री बनने से पहले रेखा गुप्ता यहीं की पार्षद थीं।
सबसे कम वोटों से जीते आप के उम्मीदवार
नारायणा वार्ड में भी आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच में कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। आप के उम्मीदवार राजन अरोड़ा महज 148 वोटों से जीते। राजन अरोड़ा को कुल 10423 वोट मिले, वहीं भारतीय जनता पार्टी की कैंडिडेट चंद्रकांता शिवानी को 10275 वोट मिले।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में रेखा सरकार की पहली ‘अग्निपरीक्षा’
| क्रम.संख्या | वार्ड | विजेता उम्मीदवार | पार्टी | वोट | मार्जिन |
| 1 | द्वारका-B | मनीषा देवी | भाजपा | 13408 | 9100 |
| 2 | नारायणा | राजन अरोड़ा | आप | 10423 | 148 |
| 3 | विनोद नगर | सरला चौधरी | भाजपा | 10717 | 1769 |
| 4 | अशोक विहार | वीना असीजा | भाजपा | 8885 | 407 |
| 5 | ग्रेटर कैलाश | अंजुम मंडल | भाजपा | 12587 | 8544 |
| 6 | दिचाऊं कलां | रेखा रानी | भाजपा | 11814 | 2169 |
| 7 | चांदनी महल | मोहम्मद इमरान | AIFB | 11814 | 4692 |
| 8 | मुंडका | अनिल | आप | 11740 | 1577 |
| 9 | संगम विहार-A | सुरेश चौधरी | कांग्रेस | 12766 | 3628 |
| 10 | दक्षिण पुरी | राम स्वरूप | आप | 12372 | 2262 |
| 11 | शालीमार बाग-B | अनीता जैन | भाजपा | 16548 | 9806 |
| 12 | चांदनी चौक | सुमन कुमार गुप्ता | भाजपा | 7825 | 1182 |
कांग्रेस और फॉरवर्ड ब्लॉक को भी मिली गुड न्यूज
एमसीडी के उपचुनाव में कांग्रेस को भी गुड न्यूज मिली है। पार्टी ने संगम विहार सीट से जीत हासिल की है। पार्टी के कैंडिडेट सुरेश चौधरी ने 3628 मतों से जीत हासिल की है। दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव से पहले यह सीट भारतीय जनता पार्टी के पास थी। वहीं, दिल्ली नगर निगम चुनाव में चांदनी महल वार्ड पर इस बार बेहद दिलचस्प मुकाबले देखने को मिला। यहां से ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार मोहम्मद इमरान ने 4600 वोटों के बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज की है।
क्यों कराए गए थे एमसीडी उपचुनाव?
दिल्ली विधानसभा और लोकसभा के लिए कई पार्षदों के निर्वाचित होने के बाद खाली हुई सीटों को भरने के लिए एमसीडी उपचुनाव कराए गए थे। मतदान 30 नवंबर को हुआ था। 12 वार्डों में 26 महिलाओं सहित कुल 51 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। 580 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। पल-पल की अपडेट्स के लिए पढ़ें लाइव ब्लॉग…
