बिहार में बीजेपी ने शनिवार (14 अगस्त 2019) को नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी। बीजेपी आला कमान के कोर कमेटी के सदस्य संजय जायसवाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी ने राजस्थान में सतीश पुनिया को पार्टी की कमान सौंप दी है। आमेर से विधायक पूनिया राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का बेहद करीबी माना जाता है।
राजस्थान में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद इस साल मदन लाल सैनी के निधन के बाद से ही खाली था। सूत्रों के मुताबिक पुनिया इस पद के पार्टी आलाकमान की पहले पसंद थे। अध्यक्ष पद की दौड़ में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौर और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजवर्धन सिंह राठौर का भी नाम शामिल था। पुनिया को संगठनात्मक कौशल के लिए जाना जाता है और उन्होंने चार बार भाजपा के प्रदेश महासचिव के रूप में कार्य किया है। पूनिया लो प्रोफाइल जाट नेताओं में गिने जाते हैं। पूनिया लगातार 14 साल तक भाजपा के प्रदेश महामंत्री रहे हैं।
जायसवाल चंपारण संसदीय क्षेत्र से तीन बार के सांसद रह चुक हैं। पेश से डॉक्टर जायसवाल को नित्यानंद राय की जगह इस पद पर नियुक्त किया गया है। नित्यानंद को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्री नियुक्त किया गया है। जायसवाल लोकसभा में मुख्य सचेतक यानी चीफ व्हिप भी हैं। उन्होंने 2009 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीता था इसके बाद 2014 में भी वह जीतने में सफल रहे।
लोकसभा चुनाव 2019 में भी उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की है। नए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने पटना मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस किया है। जायसवाल ने राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उम्मीदवार ब्रजेश कुमार कुशवाह को 2.93 लाख वोटों के बड़े अंतराल से हराया है।जायसवाल के पिता मदन प्रसाद जायसवाल भी वेस्ट चंपारण (बेतिया) संसदीय क्षेत्र से तीन बार सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 1996, 1998 और 1999 में जीत हासिस की थी।