Bihar, Mumbai, UP, Punjab, Haryana Rains, Weather Forecast Today  News Updates:

बिहार के सीतामढ़ी में एक 3 मंजिला इमारत के गिरने की बात सामने आई है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। बता दें कि सीतामढ़ी  पिछले कई दिनों से भारी बारिश और बाढ़ के चपेट में है। ऐसे में ऐसी घटनाओं का सामने आना आम बात है।

बिहार और असम में बाढ़ का कहर मंगलवार को जारी रहा। इसके कारण दोनों राज्यों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 55 हो गई। इस बीच उत्तर प्रदेश में भी वर्षाजनित हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं, केरल में बेहद भारी बारिश की भविष्यवाणी के बाद रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राज्य में बेहद भारी बारिश की संभावना जताई है।

एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार उत्तर प्रदेश में वर्षाजनित हादसों में मंगलवार को 14 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित जिला मैजिस्ट्रेटों को पीड़ितों के परिजन को तत्काल चार-चार लाख रुपए मुहैया कराने का आदेश दिया है। उत्तर भारत में, पंजाब और हरियाणा में भी भारी बारिश जारी है जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार दूसरे दिन हल्की बारिश हुई।

बिहार में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की करीब 19 टीमों को तैनात किया गया है। केन्द्र ने राज्य सरकार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। राज्य में अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है और 16 जिलों में 25.71 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। असम के 33 जिले भी बाढ़ की चपेट में हैं, जिनमें 17 लोगों की मौत हुई है और 45 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

Live Blog

18:06 (IST)17 Jul 2019
लोकसभा में कांग्रेस सदस्यों ने असम, बिहार में बाढ़ की स्थिति के मुद्दे को उठाया

लोकसभा में बुधवार को कांग्रेस सदस्यों ने असम और बिहार में बाढ़ के कारण उत्पन्न स्थिति के मुद्दे को उठाया है। सरकार पर स्थिति से ठीक ढंग से नहीं निपटने का आरोप भी लगाया। भाजपा ने हालांकि इन आरोपों को खारिज किया। बता दें कि प्रश्नकाल के ठीक बाद कांग्रेस के गौरव गोगोई ने कहा कि असम, बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। किसान परेशान हैं, उनकी फसल डूब गई है। अनेक लोग मारे गए हैं और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं।

16:30 (IST)17 Jul 2019
अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन, दो जख्मी, एक के मलबे में दबे होने की आशंका

ईटानगर में बुधवार  की सुबह हुए भूस्खलन में दो लोग जख्मी हो गए। एक व्यक्ति के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

16:18 (IST)17 Jul 2019
बारिश के कारण मिजोरम में अब तक पांच लोगों की मौत

बारिश के कारण मिजोरम में अब तक पांच लोगों की मौत हुई है। राज्य आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ की वजह से 205 गांवों में 1,968 परिवार प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्य के सभी आठ जिलों में 1,523 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

16:00 (IST)17 Jul 2019
मजोरम में राहत शिविरों में रह रहे हैं 5,000 से अधिक बाढ़ पीड़ित

मिजोरम में पिछले सात दिनों से भारी बारिश हो रही है। बारिश के चलते आई बाढ़ के बाद 5,000 से अधिक लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। वहीं 4,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया जा रहा है। 

15:15 (IST)17 Jul 2019
असम में सड़क यातायात के लिए चल रही है नाव

असम में बाढ़ के चलते लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग यातायात के लिए सड़क पर नाव का इस्तमाल कर रहे हैं। बता दें कि भारत के कई राज्य बाढ़ के चपेट में हैं जिसमें असम भी शामिल है। 

11:32 (IST)17 Jul 2019
दिल्ली एनसीआर में बुधवार को भी बारिश के आसार

दिल्ली एनसीआर में सुबह से मौसम बेहद अच्छा है। कई इलाकों में बुधवार की सुबह भी बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में बुधवार को भी बारिश के आसार हैं। बता दें कि दिल्ली एनसीआर में न्यूनतम तापमान मौसम के सामान्य औसत से तीन डिग्री कम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

09:46 (IST)17 Jul 2019
असम, बिहार में बाढ़ से हालात और खराब, केरल में रेड अलर्ट

बिहार और असम में बाढ़ का कहर मंगलवार को जारी रहा और दोनों राज्यों में कुल 47 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, केरल में बेहद भारी बारिश की भविष्यवाणी के बाद रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राज्य में बेहद भारी बारिश की संभावना जताई है।

09:31 (IST)17 Jul 2019
मुंबई: डोंगरी में इमारत ढहने से अब तक 14 की मौत

मुंबई के डोंगरी इलाके में मंगलवार दोपहर 4 मंजिला इमारत ढह गई थी। इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, मलबे से 9 लोगों को जीवित निकाला गया है। 

08:30 (IST)17 Jul 2019
केरल में भी भारी बारिश होने का अनुमान

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार केरल के छह जिलों में 24 घंटे के भीतर 204 मिलीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के इडुक्की, मलप्पुरम, वायनाड, कन्नूर, एर्नाकुलम और त्रिशूर जिलों में 18-20 जुलाई के दौरान बेहद भारी वर्षा होने की संभावना है।

08:30 (IST)17 Jul 2019
यूपी में भी 14 लोगों ने गंवाई जान

उत्तर प्रदेश में आंधी तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गई है। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को प्राप्त सूचना के अनुसार जनपद उन्नाव एवं बलिया में आंधी-तूफान से एक-एक, बरेली, मुजफ्फरनगर व प्रतापगढ़ में अतिवृष्टि से एक-एक, शाहजहांपुर में आकाशीय बिजली से एक एवं मुरादाबाद में दो, अम्बेडकरनगर व प्रतापगढ़ में सर्पदंश से एक-एक, पीलीभीत में दो तथा प्रयागराज में नदी में डूबने से एक व आजमगढ़ में जंगली सुअर के हमले में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है।

08:29 (IST)17 Jul 2019
नेपाल के कारण बिहार में आई बाढ़

नेपाल के जलक्षेत्रों में असामान्य मूसलाधार वर्षा और उसके बाद नदियों में बड़े पैमाने पर पानी छोड़े जाने के कारण बिहार में बाढ़ आई है। यहां एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

08:28 (IST)17 Jul 2019
बिहार में बाढ़ के कारण 33 लोगों की मौत

बिहार के 12 जिलों में आई बाढ़ के कारण अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है और 26 लाख 79 हजार 936 लोग प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग से मंगलवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिहार के 12 जिलों शिवहर, सीतामढी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, दरभंगा, सहरसा, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया एवं कटिहार में अब तक 33 लोगों की मौत होने के साथ 26 लाख 79 हजार 936 लोग प्रभावित हुए हैं। बिहार में बाढ़ के कारण मरने वाले लोगों में सीतामढ़ी के 11, अररिया के नौ, शिवहर के सात, किशनगंज के चार और सुपौल दो लोग शामिल हैं।