देश में एक ओर बेटी बचाओ अभियान चल रहा है वहीं बेटी पैदा होते ही मां को पीट-पीट कर मार डाला गया। बिहार के बांका जिले के कुम्हारबाक गांव में बेटी की किलकारी सुनते ही पति और ससुराल वालों ने मां बनी रेखा (25) की निर्दयता से पिटाई की। उसके बेहोश होने व हालात बिगड़ने पर ससुराल वाले घर का ताला बंद करके फरार हो गए। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को घर का दरवाजा तोड़ कर शव बरामद किया। पति सहित छह ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
भागलपुर के समीपवर्ती बांका जिले के कुम्हारबाक गांव में कुछ साल पहले विनोद यादव का विवाह रेखा से हुआ था। रेखा बांका जिले के बइचगोरहा गांव के अभिराम यादव की बेटी थी। शादी के साल भर बाद ही रेखा ने एक बेटी को जन्म दिया। तभी से उसे ससुराल वालों और पति ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इन लोगों को बेटा की ख्वाइश थी। रेखा फिर गर्भवती हुई और दो दिन पहले फिर उसे बेटी पैदा हुई। दूसरी बेटी पैदा होते ही पति और ससुरालवालों का कहर बेरहमी से बरपा। प्रताड़ना और बुरी तरह पिटे जाने से रेखा बेहोश हो गई। हालत बिगड़ते देख दरवाजा बंद कर घर वाले फरार हो गए। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
गांव जयपुर पुलिस आउट पोस्ट के प्रभारी मुरारी कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर घर के बंद दरवाजे को तोड़ा और लाश वरामद की। लाश को देखने से पता चलता है कि बेरहमी से पिटाई की वजह से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने उसके मायके वालों को खबर दी। इस सिलसिले में रेखा के भाई ने पुलिस में रपट लिखवाई है। रिपोर्ट में पति समेत छह व्यक्तियों को नामजद किया गया है। ये सभी फरार हैं। लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई है।