यूपी पुलिस ने ‘जो न बोले जय श्री राम, उसको भेजो कब्रिस्तान’ वाला विवादित गीत गाने वाले सिंगर को गिरफ्तार कर लिया। गीत को यू-ट्यूब पर अपलोड करने वाले गायक वरुण उपाध्याय उर्फ बहार को शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि वरुण बहार को सोशल मीडिया पर अश्लील और भड़काऊ गाने अपलोड करने के आरोप में मनकापुर के बंदराह गांव से अल सुबह  3 बजे गिरफ्तार किया गया है। वरुण ने अपने गीत में “जो न बोले जय श्री राम, उसको भेजो कब्रिस्तान” जैसी भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया है।

सिंगर वरुण यू-ट्यूब चैनल पर अपने अश्लील और उत्तेजक गीतों के लिए लोकप्रिय है। उसके खिलाफ कई उत्तेजक गानों पर एफआईआर दर्ज की गई थीं। उसे बाद में अदालत में पेश किया गया। इससे पहले देश में मॉब लिंचिंग के बीच यह विवादित गाना रिलीज किया गया था। यह गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। इस गाने को 23 जुलाई को विपिन बहार ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था। लोगों ने इस विवादित गाने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। लोगों का कहना था कि इस तरह के वीडियो आने से देश में मॉब लिंचिंग की घटनाएं बढ़ सकती हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गीतकार और इस गीत को यूट्यूब पर अपलोड करने वाले को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि बहार पर दो समुदायों के बीच धर्म, नस्ल, जन्मस्थान, भाषा आदि के आधार पर द्वेष बढ़ाने के आरोप में सेक्शन 153 ए के तहत मामला दर्ज किया है।

यह पहली बार नहीं है कि किसी विवादित गीत के मामले में वरुण बहार की गिरफ्तारी हुई हो। वरुण के खिलाफ पहले भी विवादित गीतों के मामले में गिरफ्तार हो चुकी है। उसके इस बारे में पूछताछ भी की जा चुकी है। वरुण बहार इससे पहले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आधारित ‘योगी चालीसा’ भी गा चुका है।