Bhim Army Chief Chandrashekhar: भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को शुक्रवार (20 Dec) को जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक मार्च निकालने के दौरान दरियागंज के निकट हिरासत में ले लिया गया। भीम आर्मी ने दावा किया कि पुलिस ने आजाद को जामा मस्जिद में हिरासत में लेने की कोशिश की लेकिन वह बचकर निकल गए। हालांकि बाद में उन्हें दरियागंज के निकट हिरासत में ले लिया गया।पुलिस द्वारा मार्च की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद भी भीम आर्मी के नेतृत्व में जामा मस्जिद से बड़ी संख्या में लोगों ने मार्च किया। इससे एक दिन पहले भी राष्ट्रीय राजधानी में छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित हजारों लोगों ने निषेधाज्ञा के बाद भी प्रदर्शन किया था।
जामा मस्जिद में विरोध प्रदर्शन: सीएए और एनआरसी के विरोध में भीम आर्मी के नेतृत्व में जामा मस्जिद पर हुए प्रदर्शन में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। हालांकि पुलिस ने आजाद को इसकी अनुमति नहीं दी थी। हाथों में तिरंगा और बैनर पकड़े प्रदर्शनकारियों ने संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ नारेबाजी की। बैनरों पर ‘संविधान बचाओ’ जैसे नारे लिखे थे। लोग जामा मस्जिद के गेट नंबर एक पर जमा हुए और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए तथा ‘सारे जहां से अच्छा’ गीत गाया।
Hindi News Today, 20 December 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
दिल्ली में सड़कों पर लोग: प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों के हाथों में भीमराव आंबेडकर, कांशीराम और भगत सिंह की तस्वीरें भी थीं। गुरुवार को भी राजधानी दिल्ली में हुए बड़े प्रदर्शनों के बाद आज प्रदर्शन पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद भीम आर्मी के नेतृत्व हुआ। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा कारणों और निषेधज्ञा के बावजूद गुरुवार को हजारों की संख्या में छात्रों, कार्यकर्ताओं और विपक्ष के नेताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन किया था। संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राजधानी दिल्ली में समाज के सभी तबके के लोग बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे हैं।
मेट्रो स्टेशन बंद: डीएमआरसी ने नागरिकता कानून के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों के मद्देनजर शुक्रवार को चार मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं। डीएमआरसी ने ट्वीट किया है, ‘‘दिल्ली गेट (मेट्रो स्टेशन) के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। ट्रेन स्टेशन पर नहीं रुकेगी।’’ इससे पहले चावड़ी बाजार, लाल किला और जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए थे।