कांग्रेस की “भारत जोड़ो” यात्रा मंगलवार (11 अक्टूबर, 2022) को अपने 34वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। यात्रा अभी कर्नाटक में ही है और आज चित्रदुर्ग जिले के हरातीकोटे गांव से यात्रा की शुरुआत की गई है। इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा के लिए बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए हैं। जिस रास्ते से यात्रा गुजर रही है, उसके दोनों ओर, छतों, घरों और दुकानों के बाहर बहुत भारी भीड़ जमा है।

मंगलवार को यात्रा में बच्चे भी नजर आए और कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस दौरान बच्चों का हाथ पकड़कर चलते दिखाई दिए। इससे पहले सोमवार को हिरयूर में भारी बारिश के बीच भी भारत जोड़ो यात्रा जारी रही। राहुल गांधी की अगुआई में कांग्रेसी लगातार पैदल यात्रा कर रहे हैं और इसे लोगों का भी खूब समर्थन मिल रहा है।

कर्नाटक में यात्रा का आज 12वां दिन है। यहां पदयात्रा 21 दिनों के लिए रहेगी। इस दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा करेंगे और लोगों से मुलाकात करेंगे। गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी यात्रा में शामिल हुई थीं। वह कुछ समय से स्वास्थ्य ठीक ना होने के चलते सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर थीं। पदयात्रा के दौरान की सोनिया गांधी की एक तस्वीर भी सामने आई थी, जिसमें वह राहुल गांधी के साथ चलती दिख रही थीं। यात्रा की एक और तस्वीर को भी काफी पसंद किया गया था, जिसमें राहुल गांधी अपनी मां के जूते के फीते बांधते दिखाई दे रहे थे।

कर्नाटक में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। उसे लेकर भी यात्रा को काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी ने योजना बनाई है कि पार्टी अगले कुछ महीनों में कर्नाटक में इसी तरह की तीन और यात्राएं आयोजित करेगी, ताकि प्रदेश की जनता के सभी वर्गों के लोगों तक पहुंच सके। कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी आने वाले समय में और भी यात्राएं आयोजित की जाएंगी, जो प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी।

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत 8 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। इस यात्रा के दौरान कांग्रेस 12 राज्यों का भ्रमण करेगी, जिसके लिए 5 पांच महीनों का समय तय किया गया है। कश्मीर में यात्रा पूरी होगी।