कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 32वां दिन है। राहुल गांधी के नेतृत्व में रविवार को कर्नाटक के तुमकुर जिले के तिप्तुर से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। राहुल गांधी के साथ कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार भी यात्रा में हिस्सा ले रहे हैं।
वहीं रविवार सुबह भारत जोड़ो यात्रा शुरू होने के बाद कांग्रेस ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक व्यक्ति किसानों की समस्याओं को लेकर बात कर रहा है। कांग्रेस ने वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट कर लिखा, “किसानों की घटती आमदनी, बढ़ता खर्च और भाजपा सरकार के किसान विरोधी फैसलों के विरुद्ध भारत जोड़ो यात्रा में आवाज़ बुलंद हो रही है।”
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा के एक महीने पूरे होने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था। राहुल गांधी ने कहा था कि बीजेपी नफरत की राजनीति करती है। उन्होंने कहा, “आरएसएस अंग्रेजों की मदद कर रहा था और सावरकर को अंग्रेजों से स्टाइपेंड मिलता था। आजादी की लड़ाई में बीजेपी का कोई योगदान नहीं है। कांग्रेस के नेताओं ने आजादी की लड़ाई लड़ी थी।”
वहीं भारत जोड़ो यात्रा को मशहूर गायक लकी अली ने अपना समर्थन दिया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर राहुल गांधी को इस यात्रा का नेतृत्व करने के लिए बधाई दी है। कांग्रेस ने उनके वीडियो संदेश को शेयर करते हुए लिखा, “आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद मिस्टर लकी अली। जैसे-जैसे हम आगे बढ़ते हैं आपका भावपूर्ण संगीत प्रेरणा देता रहता है। काले घनेरे अँधेरे जो हैं,रस्ता जो देते सवेरे को हैं, ज़रा सा और करना सबर।”
राहुल गांधी ने शनिवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजस्थान में गौतम अडानी द्वारा 60 हजार करोड़ के निवेश पर भी जवाब दिया। राहुल गांधी ने कहा, “मिस्टर अडानी ने राजस्थान को 60 हजार करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया। कोई मुख्यमंत्री ऐसे प्रस्ताव से इनकार नहीं करेगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने गौतम अडानी को कोई तरजीह नहीं दी, न ही उनके (गौतम अडानी) कारोबार में मदद के लिए अपनी राजनीतिक ताकत का इस्तेमाल किया।”