Congress: कांग्रेस (Congress) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) को बुधवार और गुरुवार को दो दिन का ब्रेक दिया जा रहा है। खराब मौसम के कारण दो दिन के लिए यात्रा रोकी गई है। पार्टी के महासचिव जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि रामबन और बनिहाल के लिए आज की यात्रा को फिलहाल के लिए रोक दिया गया है। आज और कल यात्रा को दो दिन का ब्रेक दिया गया है और गणतंत्र दिवस के अगले दिन शनिवार को यात्रा को फिर से शुरू किया जाएगा।
खराब मौसम के कारण स्थगित की गई यात्रा, 27 जनवरी को फिर से शुरू की जाएगा
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “खराब मौसम की स्थिति और क्षेत्र में भूस्खलन के कारण रामबन और बनिहाल में भारत जोड़ो यात्रा का दोपहर का चरण रद्द कर दिया गया है। कल विश्राम का दिन है और यात्रा परसों 27 जनवरी को सुबह 8 बजे फिर से शुरू होगी।”
आज सुबह रामबन से यात्रा शुरू की गई थी। हालांकि, खराब मौसम के कारण यात्रा थोड़ी देरी से शुरू हुई, लेकिन यहां जोरदार बारिश के चलते थोड़ी देर बाद ही इसे स्थगित कर दिया गया। मौसम को देखते हुए पार्टी ने यात्रा को दो दिन का ब्रेक देने का फैसला किया है।
30 जनवरी को कश्मीर में तिरंगा फहराकर होगा यात्रा का समापन
भारत जोड़ो यात्रा ने गुरुवार को जम्मू कश्मीर में प्रवेश किया था और 30 जनवरी तक राहुल गांधी के नेतृत्व में यात्रा केंद्र शासित प्रदेश में रहेगी। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू की गई यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। 30 जनवरी को कश्मीर में तिरंगा फहराकर यात्रा का समापन किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से होगी हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा की शुरुआत
वहीं, गणतंत्र दिवस के मौके पर कांग्रेस अपने जनसंपर्क अभियान “हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा” की शुरुआत करने जा रही है। हिमाचल प्रदेश से यह यात्रा शुरू की जाएगी। पार्टी की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मंडी जिले के जोगिंद्रनगर से यात्रा का शुभारंभ करेंगी।