कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) दिल्ली में है और इसका नेतृत्व राहुल गांधी (Rahul Gandhi) कर रहे हैं। वहीं शनिवार को राहुल गांधी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) की समाधि पर श्रद्धांजलि देने जाएंगे। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही राहुल गांधी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री की समाधि पर भी श्रद्धांजलि देने जाएंगे।
इंदिरा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की समाधि पर भी जाएंगे राहुल
कांग्रेस पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने बताया, “राहुल ‘राष्ट्रीय स्मृति स्थल’ पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वह महात्मा गांधी की समाधि राजघाट, पंडित जवाहरलाल नेहरू के स्मारक स्थल शांति वन, इंदिरा गांधी की समाधि शक्ति स्थल और राजीव गांधी की समाधि वीर भूमि और लाल बहादुर शास्त्री की समाधि विजय घाट भी श्रद्धांजलि अर्पित करने जाएंगे।”
Bharat Jodo Yatra पर बीजेपी का हमला
वहीं भारत जोड़ो यात्रा पर बीजेपी का हमला जारी है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने यात्रा पर कहा, “कांग्रेस की यह यात्रा भ्रष्टाचारियों को जोड़ने के लिए है। उन्हें पहले परिवार की भलाई के बारे में नहीं बल्कि देश की भलाई के बारे में सोचना चाहिए।”
हजरत निजामुद्दीन दरगाह पहुंचे राहुल गांधी
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हजरत निजामुद्दीन औलिया दरगाह (Hazrat Nizamuddin Aulia Dargah) पहुंचे। यहां उन्होंने चादर चढ़ाई जबकि दक्षिण दिल्ली के लाजपत नगर इलाके के दृष्टिहीन छात्रों के एक समूह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा के एक मार्ग पर एक शिविर लगाया। करीब 15-20 नेत्रहीन छात्र अपोलो अस्पताल के रास्ते पर बैनर लेकर जमा हो गए और ‘नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगा रहे थे।
Kamal Haasan भी यात्रा में हुए शामिल
अभिनेता से राजनेता बने कमल हासन (Actor-turned-politician Kamal Haasan) के भी आईटीओ के पास भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी आज सुबह राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। दिल्ली में प्रवेश करते समय राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर देश में “भय और हिंसा” फैलाने का आरोप लगाया।
