Bharat Jodo Yatra in Rajasthan: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) को आज 100 दिन पूरे हो गए। इस यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी (Rahul Gandhi) कर रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में है और यह राज्य में 70 फीसदी यात्रा पूरी हो चुकी है। वहीं आज यात्रा अलवर से हरियाणा में प्रवेश करेगी। आज भारत जोड़ो यात्रा एक ही फेज में 22 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर आज जयपुर के नए पीसीसी ऑफिस में राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई है। राजस्थान में राहुल गांधी की यह पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।
यात्रा से बीजेपी मुश्किल में- केसी वेणुगोपाल
भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि जनता का खूब समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, “आज इस यात्रा के 100 दिन पूरे हो गए हैं और यह एक बड़ी सफलता साबित हुई है। आम जनता अब राहुल गांधी के असली चेहरे को समझ रही है और इसलिए बीजेपी अब बड़ी मुश्किल में है।”
आज हरियाणा में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के 100 दिन पूरे होने पर ट्विटर हैंडल (Twitter Handle) पर डीपी भी बदली गई है। कांग्रेस (Congress) की नई डीपी में 100 Days Of Yatra लिखा हुआ दिखाई दे रहा है। बता दें कि राजस्थान (Rajasthan) में आज भारत जोड़ो यात्रा का 13वां दिन है। आज शाम तक यात्रा हरियाणा (Haryana) में प्रवेश कर जाएगी।
वहीं भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर जयपुर में कांग्रेस की ओर से एक लाइव कंसर्ट का आयोजन किया गया है। बता दें कि राजस्थान ऐसा पहला राज्य है, जहां से यात्रा गुजर रही है और कांग्रेस की सरकार है। बता दें कि राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर महिलाओं के दमन का आरोप लगाया है।
Bharat Jodo Yatra फरवरी में खत्म होगी
बता दें कि सांसद राहुल गांधी ने 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद यह कई राज्यों से होते हुए राजस्थान पहुंच चुकी है। भारत जोड़ो यात्रा करीब 3750 किलोमीटर तय करेगी। यह यात्रा फरवरी में कश्मीर में खत्म होगी।