राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा राजस्थान में पहुंची। यात्रा ने बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के रतलाम से बांसवाड़ा के दानपुर में एंट्री ली। राहुल राजस्थान के बॉर्डर तक खुली जीप में पहुंचे। बांसवाड़ा में राहुल गांधी ने सभा को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र में पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को 30 लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा की।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र में पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को 30 लाख सरकारी नौकरियां देने की घोषणा बृहस्पतिवार को की। वह अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के तहत बांसवाड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान युवाओं, गरीबों और अन्य तबकों के लिए पार्टी के प्रस्तावित कदमों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘युवाओं के लिए कांग्रेस पार्टी क्या करने जा रही है? सबसे पहला कदम, हमने गिनती की है- हिंदुस्तान में 30 लाख सरकारी पद खाली हैं। मोदी जी इनको भरवाते नहीं है। भाजपा इन्हें भरवाती नहीं है। सरकार में आने के बाद एक दम पहला काम होगा कि ये 30 लाख सरकारी नौकरियां हम दे देंगे।’’

कांग्रेस के घोषणापत्र में किसानों को MSP के लिए कानूनी गारंटी का वादा

राहुल ने कहा, ‘‘ये पांच ऐतिहासिक काम हैं। युवाओं के लिए भर्ती का भरोसा, 30 लाख खाली पद भरना, पहली नौकरी पक्की करना, पेपर लीक से मुक्ति, गिग कर्मियों के लिए सामाजिक सुरक्षा और ‘युवा रोशनी’ के तहत जिलों में स्टार्ट अप के लिए 5,000 करोड़ रुपए। ये हम आपके लिए करने जा रहे हैं।’’

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के घोषणापत्र में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के लिए कानूनी गारंटी देने का वादा किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘आदिवासियों की जल, जंगल की लड़ाई हमारी लड़ाई है। आपके साथ हम खड़े हैं।’’ जनसभा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी संबोधित किया।

युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार

राहुल ने कहा, “हम हिंदुस्तान के सब युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार देने जा रहे हैं। यह अधिकार हर ग्रेजुएट युवा को मिलेगा। कॉलेज डिप्लोमा के बाद एक साल के लिए हर ग्रेजुएट को सरकारी और प्राइवेट कंपनी में एक साल के अप्रेंटिसशिप दी जाएगी, साथ ही एक लाख रुपये दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि कॉलेज के अगले दिन अप्रेंटिसशिप का अधिकार मनरेगा के अधिकार की तरह होगा।