Bharat Bandh Today, Bharat Band on 08th January 2019 Updates: उत्तरी कर्नाटक के मुंडागोड इलाके में भारत बंद हड़ताल के दौरान एक महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई है। भारत बंद हड़ताल को 10 केंद्रीय श्रम संघों का समर्थन है। इनमें एटक , इंटक, एचएमएस, सीटू, एआईटीयूसी,  टीयूसीसी, सेवा,एआईसीसीटीयू, एलपीएफ और यूटीयूसी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि भारत बंद हड़ताल में देशभर से करीब 20 करोड़ लोग शामिल हो रहे हैं। हड़ताल में शामिल ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की महासचिव अमरजीत कौर ने पीटीआई से कहा कि , ‘‘असम, मेघालय, कर्नाटक, मणिपुर, बिहार, झारखंड, गोवा, राजस्थान, पंजाब , छत्तीसगढ़ और हरियाणा में- खास कर औद्योगिक इलाकों में हड़ताल का काफी असर दिख रहा है।’’ भारत बंद के चलते मुंबई में यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई है। मुंबई की बस सर्विस बेस्ट ने भी भारत बंद हड़ताल का समर्थन किया है। आसनसोल में टीएमसी और सीपीएम कार्यकर्ताओं के भिड़ंत भी हुई थी। 

बता दें कि 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर दो दिवसीय भारत बंद बुलाया गया है। यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की कथित तानाशाही नीतियों के खिलाफ है। हड़ताल में शामिल यूनियनों का आरोप है कि सरकार उनकी न्‍यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, कामगारों के स्‍तर तथा निजीकरण से रक्षा संबंधी मांगों को अनसुना कर रही है। ऑल इंडिया किसान सभा और भूमि अधिकार आंदोलन जैसे संगठनों ने भी बंद का समर्थन करते हुए ‘ग्रामीण हड़ताल’, रेल रोको और रोड रोको जैसे प्रयासों का फैसला किया है। भारत बंद हड़ताल के चलते कई इलाकों में आम जन-जीवन को आज और कल काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

Live Blog

Highlights

    21:40 (IST)08 Jan 2019
    करोड़ों कर्मचारियों के शामिल होने का दावा

    हड़ताल को देखते हुए देश के कई राज्‍यों में मजदूर संगठनों ने प्रदर्शन किया है और कामकाज प्रभावित हुआ है। श्रमिक संघों ने दावा किया है कि 20 करोड़ कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल हैं। सीटू, एटक, इंटक जैसे 10 केंद्रीय श्रमिक संगठन इसे अपना समर्थन दे रहे हैं। हड़ताल की वजह से देश के कई राज्‍यों में श्रमिक संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान कई जगहों से झड़प की भी खबरें सामने आई हैं।

    20:46 (IST)08 Jan 2019
    केरल में दिखा असर

    केरल के कोच्चि और त्रिवेंद्रम में भी केंद्रीय श्रमिक संगठनों के सदस्‍यों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। केरल में हड़ताल के दौरान तिरुवनंतपुरम, शोरनुर और अन्य रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों को रोका गया। बसें और ऑटो रिक्शा के सड़कों से नदारद रहने के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। सबरीमला मंदिर के श्रद्धालु हड़ताल से प्रभावित ना हों, इसलिए केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) विभिन्न स्थानों से पम्बा के लिए बसें चला रही है। हालांकि, केएसआरटीसी की बसें अन्य मार्गों पर नहीं चल रही हैं। राज्य में कई स्थानों पर दुकानें खुली रहीं।

    19:48 (IST)08 Jan 2019
    कामकाज हुआ प्रभावित

    ट्रेड यूनियनों की देशव्यापी हड़ताल के चलते मंगलवार को जिले में सरकारी बैंक कर्मियों ने काम नहीं किया। बैंकों के सामने हड़ताल का बोर्ड लटका दिया गया है। वहीं, दूरसंचार कर्मियों ने कार्य बहिष्कार किया है। इसी के साथ अपनी पांच मांगों को लेकर विद्युत वितरण निगम के कर्मचारी भी कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं।

    18:47 (IST)08 Jan 2019
    बुधवार को निकालेंगे रैली

    केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ हड़ताल में शामिल विभिन्न यूनियनों ने बुधवार को राजधानी में मंडी हाउस से संसद की ओर विरोध रैली निकालने की घोषणा की है। उनका कहना है कि देश में अन्य स्थानों में भी जुलूस निकाले जाएंगे।

    17:46 (IST)08 Jan 2019
    इन राज्यों में दिखा असर

    भारत बंद का असर जिन राज्यों में दिखा उनमे - केरल, कर्नाटक, गोवा, बिहार, झारखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्‍य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, असम, मेघालय और मणिपुर शामिल हैं।

    17:44 (IST)08 Jan 2019
    भिड़े सीपीएम और तृणमूल कार्यकर्ता

    भारत बंद के दौरान पश्चिम बंगाल में कई स्‍थानों पर उग्र प्रदर्शनकारियों और पुलिस की झड़प हुई। आसनसोल में सीपीएम और तृणमूल कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए तो 24 परगना जिले में बारासात के चंपाडाली इलाके में एक स्‍कूल बस पर पथराव किया गया और सरकारी बस में भी तोड़फोड़ की गई।

    17:02 (IST)08 Jan 2019
    कर्नाटक में विभिन्न ट्रेड यूनियनों ने किया प्रदर्शन
    16:10 (IST)08 Jan 2019
    कर्नाटक में भारत बंद प्रदर्शन के दौरान एक महिला की मौत

    उत्तरी कर्नाटक के मुंडागोड इलाके में भारत बंद हड़ताल के दौरान एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत की खबर है। मृतक महिला की पहचान 57 वर्षीय संघाई बासवानप्पा चक्रासाली के रुप में हुई है।

    15:31 (IST)08 Jan 2019
    असम में प्रदर्शन

    नागरिकता संशोधित बिल 2016 के विरोध में असम के गुवाहाटी में उग्र प्रदर्शन। वाहनों को किया आग के हवाले।

    15:21 (IST)08 Jan 2019
    असम में प्रदर्शन

    नागरिकता संशोधित बिल 2016 को लेकर असम में प्रदर्शन और उग्र हो गया है। प्रदर्शनकारियों की पुलिस संग झड़प हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग को ब्लॉक कर दिया गया है। यहां AASU द्वारा बुलाए बंद में करीब वाहनों को खूब नुकसान पहुंचाया गया।

    14:33 (IST)08 Jan 2019
    यूनियनों का आरोप सरकार ने साल 2015 के बाद से नहीं की वार्ता!

    हड़ताल कर रहीं यूनियनों ने आरोप लगाया है कि सरकार ने श्रमिकों के मुद्दों पर उसकी 12 सूत्री मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया है। उनका यह भी कहना है कि श्रम मामलों पर वित्त मंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता में गठित मंत्रियों के समूह ने दो सितंबर 2015 के बाद यूनियनों को वार्ता के लिए एक बार भी नहीं बुलाया है। 

    14:00 (IST)08 Jan 2019
    बुधवार को संसद भवन तक निकाली जाएगी 'विरोध रैली'

    भारत बंद का समर्थन कर रहीं यूनियनों ने हड़ताल के दूसरे दिन यानि कि बुधवार को राजधानी में मंडी हाउस से संसद की ओर विरोध रैली निकालने की घोषणा की है। उनका कहना है कि देश में अन्य स्थानों में भी जुलूस निकाले जाएंगे। 

    13:39 (IST)08 Jan 2019
    20 करोड़ मजदूर भारत बंद हड़ताल में शामिल!

    इन यूनियनों का दावा है कि हड़ताल में 20 करोड़ मजदूर शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ी मजदूर यूनियन भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) इस हड़ताल में शामिल नहीं है।

    13:03 (IST)08 Jan 2019
    ये मजदूर संगठन भारत बंद हड़ताल में शामिल

    एटक नेता के अनुसार रेलर्किमयों ने काले फीते पहन कर अपने अपने कार्यस्थल के बाहर बैठकें कर इस हड़ताल को अपना समर्थन जताया है। इस हड़ताल को 10 केंद्रीय श्रम संघों का समर्थन है। इनमें एटक , इंटक, एचएमएस, सीटू, एआईटीयूसी,  टीयूसीसी, सेवा,एआईसीसीटीयू, एलपीएफ और यूटीयूसी शामिल हैं। 

    12:29 (IST)08 Jan 2019
    भोपाल, हरियाणा में परिवहन विभाग पूरी तरह से बंद

    कुछ राज्यों में परिवहन विभाग के कर्मचारी और टैक्सी और तिपहिया आटो चालक भी हड़ताल में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल में परिवहन विभाग पूरी तरह बंद है। हरियाणा राज्य परिवहन निगम के कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं।  

    12:07 (IST)08 Jan 2019
    देश के कई राज्यों में दिख रहा हड़ताल का असर

    ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की महासचिव अमरजीत कौर ने पीटीआई से कहा कि , ‘‘असम, मेघालय, कर्नाटक, मणिपुर, बिहार, झारखंड, गोवा, राजस्थान, पंजाब , छत्तीसगढ़ और हरियाणा में, खास कर औद्योगिक इलाकों में हड़ताल का काफी असर दिख रहा है।’’

    11:39 (IST)08 Jan 2019
    बेस्ट के हड़ताल में शामिल होने के चलते मुंबई में यातायात बुरी तरह प्रभावित

    मुंबई की बेस्ट ने भी भारत बंद का समर्थन करते हुए हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। इसके चलते दो दिन मंबई में यातायात बुरी तरह प्रभावित रहेगा। बेस्ट की मांग है कि उनके बजट को बीएमसी के मुख्य बजट के साथ मिलाया जाए। साथ ही बेस्ट के कर्मचारियों को आवास की सुविधा भी मिले।

    10:55 (IST)08 Jan 2019
    'भारतीय मजदूर संघ' ने भारत बंद का किया बहिष्कार

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ ने भारत बंद का समर्थन नहीं किया है। बता दें कि देशभर के कई मजदूर संगठन केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ 2 दिन हड़ताल कर रहे हैं। 

    10:29 (IST)08 Jan 2019
    केरल में भारत बंद का पड़ा व्यापक प्रभाव

    सेंट्रल ट्रेड यूनियन द्वारा बुलायी गई हड़ताल का असर केरल में खूब देखने को मिला है। कोच्चि और त्रिवेंद्रम में यूनियन के सदस्यों ने जगह-जगह प्रदर्शन किए।

    09:57 (IST)08 Jan 2019
    TMC और CPM कार्यकर्ताओं के बीच हुई भिड़ंत

    पश्चिम बंगाल के आसनसोल में टीएमसी और सीपीएम कार्यकर्ताओं के बीच भारत बंद हड़ताल के दौरान टकराव होने की खबर है। फिलहाल मौके पर पुलिस और सुरक्षा बल स्थिति को संभालने की कोशिशों में जुटे हैं।

    09:29 (IST)08 Jan 2019
    अरबों रुपए का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान

    बंद के चलते बस, ट्रेन, ऑटो, बाजार और अन्य जगहों पर असर पड़ रहा है, जिससे अरबों रुपए का कारोबार प्रभावित होने की संभावना है।

    09:08 (IST)08 Jan 2019
    कोलकाता में प्रदर्शन, सीपीएम वर्कर्स हिरासत में

    कोलकाता में प्रदर्शन कर रहे सीपीएम कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कर्नाटक के हुबली में भी केंद्रीय ट्रेड यूनियन सदस्‍यों ने प्रदर्शन किया। सेंट्रल ट्रेड यूनियन्स ने दो दिनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुलाई है।

    08:46 (IST)08 Jan 2019
    हावड़ा में रेलवे लाइन ब्‍लॉक, गुवाहाटी में भी प्रदर्शन

    हावड़ा में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के सदस्‍यों ने रेलवे लाइन ब्‍लॉक कर दी। विभिन्‍न मांगों को लेकर 48 घंटे की हड़ताल पर गए कर्मचारियों ने गुवाहाटी में भी प्रदर्शन किया।

    08:28 (IST)08 Jan 2019
    मुंबई में BEST कर्मचारी भी हड़ताल पर

    बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिसिटी एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) की अनिश्चितकालीन हड़ताल भी सोमवार मध्‍यरात्रि से शुरू हो गई। कर्मचारियों की मांग है कि बीएमसी के मूल बजट में BEST बजट का विलय किया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों को आवास और भर्ती की मांग भी प्रमुख है।

    08:10 (IST)08 Jan 2019
    हड़ताल बन गई है एक प्रक्रिया : हाई कोर्ट

    केरल हाई कोर्ट ने कहा कि पर्याप्त कानून नहीं होने की वजह से हड़ताल लगातार होने वाली एक प्रक्रिया बन गई है। इस तरह से अचानक बुलाई जाने वाली हड़ताल की वजह से राज्य की आर्थिक स्थिति सहित देश के पर्यटन क्षेत्र पर असर पड़ता है। पीठ ने कहा कि हालांकि विरोध जताने का अधिकार है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इससे नागरिकों के मौलिक अधिकार प्रभावित हों। अदालत ने सरकार को तीन सप्ताह के भीतर जवाबी हलफनामा दायर करने के लिए कहा है।

    07:53 (IST)08 Jan 2019
    एक सप्ताह की नोटिस के बगैर कोई हड़ताल नहीं बुलाई जाएगी: अदालत

    केरल उच्च न्यायालय ने सोमवार को कहा कि राज्य में सात दिन पहले बिना नोटिस दिए हुए हड़ताल नहीं बुलाई जा सकती है। मुख्य न्यायाधीश ऋषिकेश रॉय और न्यायमूर्ति ए. के. जयशंकरण नांबियार की एक खंडपीठ ने अचानक से हड़ताल बुलाए जाने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अगर पहले से नोटिस नहीं दी जाती है तो लोग अदालत और सरकार से इस स्थिति से निपटने के लिए प्रयाप्त कदम उठाने के लिए संपर्क कर सकते हैं। अदालत ने कहा कि जो भी राजनीतिक पार्टी, संगठन या व्यक्ति हड़ताल का आह्वान करेगा, वह बंद के दौरान हुए नुकसान और क्षति के लिए भी जिम्मेदार होगा।

    07:32 (IST)08 Jan 2019
    बहुत हो गया, बंगाल में कोई बंद नहीं होगा: ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को दावा किया कि ट्रेड यूनियनों द्वारा बुलाई गई हड़ताल का राज्य में कोई असर नहीं होगा। बनर्जी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मैं इस पर एक शब्द भी नहीं बोलना चाहती हूं। हमने किसी भी बंद को समर्थन नहीं देने का फैसला किया है। अब बहुत हो गया। पिछले 34 वर्षों में वाम मोर्चे ने बंद का आह्वान कर पूरे राज्य को बर्बाद कर दिया। अब कोई बंद नहीं होगा।'' राज्य सरकार ने घोषणा की है कि वह मंगलवार और बुधवार को अपने कर्मचारियों के आधे दिन की छुट्टी या आकस्मिक अवकाश लेने पर रोक लगाएगी।