Indigo Flight: मैंगलोर से मुंबई जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाईट ने रविवार (14 अगस्त, 2022) को एक महिला के कारण 6 घंटे देरी से उड़ान भरी। फ्लाईट में एक महिला ने साथ में बैठे एक यात्री के फोन में मैसेज में बॉम्बर लिखा देख लिया था, इसके बाद वो डर गई और उसने शोर मचा दिया। इस वजह से फ्लाईट ने 6 घंटा देरी से उड़ान भरी।
पुलिस ने बताया कि महिला से जानकारी मिलने के बाद सभी यात्रियों के समान की जांच की गई। इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। वहीं, महिला के साथ बैठे शख्स से पूछताछ करने पर पता चला कि वह अपनी गर्लफ्रेंड से चैटिंग पर बात कर रहा था और उसने चैटिंग के दौरान ही इस शब्द का इस्तेमाल किया था।
मैंगलोर से मुंबई जाने वाली इस फ्लाईट का नंबर 6E-5237 है, जो 14 अगस्त की सुबह 10:44 बजे उड़ान भरने वाली थी। बताया गया कि महिला यात्री ने फ्लाईट के स्टाफ को बताया कि उसने अपने साथ बैठे एक यात्री के फोन पर एक मैसेज देखा है, जिसमें लिखा है- आप एक बॉम्बर हैं। हवाई अड्डे के अधिकारी के अनुसार, “एक महिला यात्री ने विमान में सवार एक व्यक्ति के मोबाइल फोन पर एक संदेश देखा और एयरलाइन के चालक दल को सूचित किया। स्टाफ ने हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) को इसकी सूचना दी और विमान को उड़ान भरने के से रोकना पड़ा।”
इसके बाद संदिग्ध यात्री की जांच की गई और उन्हें फ्लाईट से उतरने के लिए कहा गया। इसके साथ ही संदिग्ध के सामान की भी अच्छी तरह से तलाशी भी ली गई। इसके बाद ही रविवार शाम को इंडिगो विमान को मुंबई के लिए उड़ान भरने की अनुमति दी गई।
जांच में पाया गया कि “संदिग्ध शख्स अपनी गर्लफ्रेंड से उसके मोबाइल पर चैटिंग कर रहा था। इस व्यक्ति को पूछताछ के कारण विमान में चढ़ने की अनुमति नहीं दी गई थी। वहीं, इंडिगो की तरफ से इस घटना को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की गई है।