बेंगलुरु पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो मूल रूप से बांग्लादेशी नागरिक है और 12 साल से अवैध रूप से बेंगलुरु में रह रहा था। इस शख्स की पहचान रमजान शेख उर्फ मोहम्मद रमजान शेख के रूप में हुई है। वह मूल रूप से दक्षिण-पश्चिमी बांग्लादेश के खुलना डिविजन के नरैल का रहने वाला है। पुलिस रमजान शेख से लगातार पूछताछ कर यह पता कर रही है कि वह बेंगलुरु में इतने सालों से क्या कर रहा था? शेख बेंगलुरू के चिक्का बनहल्ली इलाके में रह रहा था। उसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया है।

याद दिलाना होगा कि इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान से भाग कर भारत आए एक ‘शर्मा परिवार’ के बारे में पुलिस को पता चला था।

शेख के पास था फर्जी आधार कार्ड

रमजान शेख से की गई पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि वह कबाड़ का कारोबार कर रहा था और उसने फर्जी आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और भारतीय पासपोर्ट भी बनवाया हुआ था। हैरानी की बात यह है कि रमजान शेख के पास जन्म प्रमाण पत्र भी है और उसके पास बेंगलुरु में आरटीओ से मंजूर किया गया ड्राइविंग लाइसेंस भी है।

‘पाकिस्तान वाले शर्मा परिवार’ की भारत में एंट्री करवाने वाला गिरफ्तार, जांच में सामने आई और भी विस्फोटक जानकारी

पुलिस का कहना है कि शेख की पहली शादी बांग्लादेश में हुई थी लेकिन जब वह बेंगलुरु आ गया यहां उसने दूसरी शादी कर ली और दूसरी पत्नी और बच्चों के साथ बेंगलुरु में ही रहने लगा।

पुलिस ने पहले भी किया था गिरफ्तार

रमजान शेख को एक मामले में पुलिस जनवरी, 2023 में भी गिरफ्तार कर चुकी है। तब उसके साथ काम करने वाले एक कर्मचारी रसूल हवलदार ने आत्महत्या कर ली थी। रमजान शेख पर आरोप लगा था कि उसने रसूल हवलदार को आत्महत्या के लिए उकसाया है लेकिन इस मामले में शेख जमानत पर रिहा हो गया था।

शेख की पहली पत्नी का नाम नूरजहां बेगम है और वह बांग्लादेश में रहती है। नूरजहां बेगम को कुछ लोगों से इस बात का पता चला कि शेख बेंगलुरु में रह रहा है। नूरजहां बेगम फरवरी, 2023 में मेडिकल वीजा पर भारत आई थी और यहां उसने पुलिस के सामने दस्तावेज पेश करके बताया कि रमजान शेख बांग्लादेश में पैदा हुआ था और वहीं का रहने वाला है।

फरवरी, 2023 से सितंबर, 2024 तक शेख भारतीय पासपोर्ट के जरिए दो बार बांग्लादेश गया लेकिन शायद उसे इस बात का पता नहीं था कि पुलिस की इंटरनल सिक्योरिटी डिवीजन के लोग उस पर नजर रख रहे हैं। जैसे ही डिवीजन के अफसरों को पता चला कि शेख वापस बेंगलुरू लौट आया है तो उन्होंने शेख को गिरफ्तार कर लिया और उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया।

‘शर्मा परिवार’ पाकिस्तान से भागकर भारत क्यों आया?, जानिए मुसलमान होने के बावजूद इस्लामिक मुल्क छोड़ने की असल वजह

पुलिस का कहना है कि शेख के खिलाफ चूंकि कोर्ट में मामला चल रहा है इसलिए कोर्ट के आदेश के आधार पर ही उसे बांग्लादेश भेजने के बारे में कोई फैसला लिया जाएगा।

पाकिस्तान से आया था ‘शर्मा परिवार’

इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान से भाग कर भारत आए ‘शर्मा परिवार’ को लेकर अच्छी-खासी चर्चा देखने को मिली थी। यह ‘शर्मा परिवार’ भी बेंगलुरु में रह रहा था और मूल रूप से एक मुस्लिम परिवार था। शर्मा परिवार में चार लोग थे जिनके नाम राशिद अली सिद्दीकी (48), उसकी पत्नी आयशा (38), पिता हनीफ मोहम्मद (73) और मां रुबीना (61) थे। यह सभी अवैध रूप से बेंगलुरु में रह रहे थे।