उत्तर प्रदेश में बागपत की रेप पीड़िता को आरोपी ने उन्नाव कांड जैसा अंजाम भुगतने की धमकी दी है। पीड़िता ने धमकी के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से सुरक्षा देने की मांग की है। बता दें कि आरोपी हाल में जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया है। उसके बाहर आते ही बुधवार (11 दिसंबर, 2019) को पीड़िता के घर के बाहर पोस्टर लगाकर उसे धमकी दी गई। पोस्टर में कहा गया कि कोर्ट में गवाही दी तो उन्नाव से भी बड़ी वारदात दोहराने की धमकी दी गई।

पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा भी मुहैया कराई है। उल्लेखनीय है कि मामला जनवरी 2018 का है जब पीड़िता पढ़ाई के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंची थी। यहां उसके गांव का आरोपी शख्स भी रहता था। बताया जाता है कि आरोपी पीड़िता को पढ़ाई से जुड़े कुछ नोट्स देने के बहाने से उसे अपने दोस्त के घर ले गया, जहां कोल्ड ड्रिंक्स में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ बलात्कार किया। आरोपी घटना का वीडियो बनाकर पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगा। मामले में दिल्ली के एक थाने में केस दर्ज कराया गया।

जानकारी के मुताबिक पिछले साल 13 दिसंबर को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया। हालांकि उसे जल्द ही जमानत मिल गई। अब बागपत स्थित घर से धमकी भरा पोस्टर लगाने से पूरा परिवार दहशत में है।

क्या है उन्नाव कांड
हाल के दिनों में यूपी के ही उन्नाव में एक रेप पीड़िता जिंदा जला दिया गया। आरोप है कि पांच आरोपियों ने खेतों में युवती को जिंदा जला दिया। इसमें पीड़िता नब्बे फीसदी तक झुलस गई। गंभीर हालत में पीड़िता को लखनऊ से एयर लिफ्ट कर दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालांकि उसे बचाया नहीं जा सका। तब बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. शलभ कुमार खुद पीड़िता की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे, लेकिन बचाया नहीं जा सका।