ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं आए दिन सामने आती रही है। क्या तेजस, क्या वंदे भारत और क्या शताब्दी-राजधानी… सभी पर पत्थरबाजी ने लोगों को हैरान किया है। हालिया मामला आस्था स्पेशल ट्रेन से जुड़ा है, जो कि सूरत से अयोध्या जा रही थी। इस मामले में एक शख्स की गिरफ्तारी भी हो गई है। गिरफ्तार शख्स का नाम ईश्वर बताया जा रहा है, इसके अलावा रविंद्र नाम के एक शख्स को भी हिरासत में लिया गया है।

बता दें कि सूरत से अयोध्या जा रही 09053 सूरत अयोध्या आस्था स्पेशल ट्रेन को रविवार रात रेलवे और कपड़ा राज्यमंत्री दर्शना जरदोश और महापौर दक्षेश मवानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था लेकिन रात में ही इस पर नंदुरबार स्टेशन पहुंचने से पहले पत्थरबाजी हो गई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक सूरत से अयोध्या जा रही आस्था स्पेशल ट्रेन पर पथराव हुआ था। इस पत्थरबाजी में एक कर्मचारी घायल हो गया है। केस में एक दो लोगों के खिलाफ एक्शन लिया गया। इस मामले सेक्शन 154 रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। गिरफ्तार दोनों ही आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि ईश्वर नाम का शख्स मानसिक रोगी है। हालांकि दूसरे के बारे में कोई खास जानकारी सामने नहीं आई है।

जल्द ही हिरासत में ले लिए गए थे आरोपी

पुलिस की जांच में सामने आया है कि ईश्वर नांदेड़ का रहने वाला है। पथराव के बाद पकड़ने गई जीआरपी के कर्मचारियों पर ही पत्थर फेंके गए इसमें बाबूलाल नाम के एक कर्मचारी के पैर में पत्थर लगा है। स्टेशन में प्राथमिकी के तौर पर आरपीएफ ने केस दर्ज किया था। दोनों लोगों से पूछताछ की जा रही है। दोनों झाड़ियों में छिपे हुए थे। ट्रैक के पास से ही उन्हें कस्टडी में लिया गया है।

गौरतलब है कि पथराव के बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया था। हालांकि इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि 2 से 4 पत्थर ही उस वक्त फेंके गए थे। वहीं आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए दोनों को कस्टडी में लिया है। हालांकि गनीमत ये रही कि इस पत्थरबाजी की चपेट में आकर कोई घायल नहीं हुआ था। लोगों ने जानकारी दी है कि घटना के दौरान दोनों ही बोगियों पर दोनों ही तरफ से पत्थरबाजी की गई थी।