कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी के सुपरवाइजर रहे पाकिस्तानी अली तौकीर शेख के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। असम सरकार ने अली तौकीर शेख के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। गौरव गोगोई की पत्नी ब्रिटिश नागरिक हैं। वहीं असम पुलिस अब अली तौकीर शेख और गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के साथ लिंक पर जांच करेगी।
असम कैबिनेट के आदेश पर FIR
बता दें कि 16 फरवरी को असम कैबिनेट की बैठक हुई थी और इस मामले की जांच करवाने का फैसला लिया गया था। इसके बाद कैबिनेट ने असम डीजीपी को इस मामले में एक केस दर्ज करने का आदेश दिया है। कैबिनेट ने कहा कि पुलिस असम और पूरे भारत में तौकीर अली शेख के नेटवर्क की जांच करेगी।
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “कल लिए गए कैबिनेट के फैसले के अनुसार असम पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। FIR अली तौकीर शेख और अज्ञात अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया है।”
हिमंता ने लगाए थे बड़े आरोप
अभी तक कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी के खिलाफ केस दर्ज नहीं हुआ है। इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 13 फरवरी को गौरव गोगोई की पत्नी पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि अली तौकीर गोगोई की पत्नी का बॉस रह चुका है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा था कि गौरव गोगोई से शादी के बावजूद एलिजाबेथ ने 12 साल तक अपनी ब्रिटिश नागरिकता बराबर रखी और ISI से जुड़े व्यक्तियों के साथ काम किया। असम मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 15 फरवरी को आरोपों की जांच के लिए एसआईटी गठन करने की भी बात कही थी। उन्होंने कहा था कि पूरे इकोसिस्टम की जांच की जाएगी।
गौरव गोगोई का जवाब
वहीं बीते बुधवार को गौरव गोगोई ने पत्रकारों से बात करते हुए हिमंता बिस्वा सरमा के आरोपों को हंसी में टाल दिया था। साथ ही कहा कि उन्हें जनता की अंतरात्मा पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि आम तौर पर इस तरह की बातें चुनाव के करीब आने के दौरान ही आती हैं।