Assam Gang Rape Case: असम में नाबालिग लड़की के साथ हुए बलात्कार के मुख्य आरोपी की मौत के बाद उसके ही गांववालों ने उसको बेदखल कर दिया है। ग्रामीणों ने फैसला किया है कि रेप जैसा घिनौना अपराध करने वाले के जनाजे में कोई भी शामिल नहीं होगा। इतना ही नहीं, उसको गांव के कब्रिस्तान में दो गज जमीन भी नहीं मिलेगी। नाबालिग से रेप करने वाला तफज्जुल इस्लाम शनिवार को कथित रूप से पुलिस की गिरफ्त से भाग गया था। पुलिस ने उसकी तलाश में थी, वहीं पुलिस को देखकर उसने एक तालाब में छलांग लगा दी, जिसमें डूबने की वजह से उसकी मौत हो गई।
नाबालिग से रेप का मुख्य आरोपी तफज्जुल इस्लाम के गांव के लोगों ने फैसला किया कि इस अपराधी के जनाजे में गांव का कोई भी व्यक्ति शामिल नहीं होगा। इसके साथ ही आरोपी के परिवार को भी गांव वालों ने समाज से अलग कर दिया है। आरोपी के इस कृत्य से पूरा गांव शर्मसार है। उसके मरने की जानकारी मिलने के बाद गांव वालों ने ये भी तय किया कि उसकी डेड बॉडी को हम कब्रिस्तान में जगह नहीं देंगे। उसके साथ ही हम उसके जनाजे में भी शामिल नहीं होंगे।
नागांव के पुलिस अधीक्षक स्वप्निल डेका ने इस केस को लेकर बताया कि शुक्रवार को ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन वो हिरासत से भाग निकला। छानबीन में लगी पुलिस जब उसके पास पहुंची तो पुलिस को देखकर आरोपी तालाब में कूद गया। जिसकी जानकारी पुलिस ने तुरंत एसडीआरएफ को दी। करीब दो घंटे बाद जाकर उसकी लाश बरामद हुई। एसपी ने बताया कि इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दो अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
ट्यूशन से लौट रही थी लड़की
गौरतलब है कि बीते गुरुवार की शाम को 14 साल की लड़की ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। उसी दौरान तीन लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया था। तीनों आरोपी रेप करने के बाद पीड़िता को घायल अवस्था में सड़क किनारे एक तालाब के पास छोड़कर फरार हो गए थे।
इस घटना की जानकारी जब स्थानीय लोगों को लगी तो पुलिस को सूचना दी गई। शुक्रवार को इस घटना को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। इस दौरान सीएम ने ये भी कहा था कि बंगाल और असम में यही अंतर है। यहां अपराधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाती है, आरोपी शाम तक गिरफ्तार कर लिया गया।