दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के एक निजी टीवी समाचार चैनल पर पुलिस कांस्टेबल को ‘ठुल्ला’ कहने के खिलाफ दक्षिणी-पूर्वी जिले के गोविंदपुरी और लाजपतनगर थाने में तैनात दो कांस्टेबलों ने ‘ठुल्ला’ शब्द को खुद और महकमे के लिए अपमान जनक बताया है। दोनों कांस्टेबलों ने केजरीवाल के खिलाफ तहरीर दी है। गोविंदपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराने वाले कांस्टेबल की तबियत खराब हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

‘ठुल्ला’ शब्द को पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी ने भी अपमानजनक बताया था। उन्होंने एक जिम्मेदार नागरिक और पदों पर विराजमान व्यक्ति के मुंह से इस प्रकार की बातों पर अफसोसजनक जताया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गोविंदपुरी पुलिस थाने में तैनात एक कांस्टेबल हरविंदर ने मुख्यमंत्री के खिलाफ शिकायत दी है। उसने अपनी शिकायत में कहा है कि मुख्यमंत्री ने साक्षात्कार के दौरान पुलिसकर्मियों के लिए कथित तौर पर ‘ठुल्ला’ शब्द का इस्तेमाल किया। इससे उसे ठेस पहुंची। अधिकारी ने कहा कि हरविंदर ने चैनल पर साक्षात्कार देखा था। उन्होंने कहा कि पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पास शिकायत भेज दी गई है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह एक असंज्ञेय अपराध है, इसमें मामला दर्ज करने के लिए अदालत की इजाजत लेनी पड़ेगी।

गोविंदपुरी थाने के सूत्रों के मुताबिक शिकायत दर्ज कराने के बाद हरविंदर की तबियत खराब हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कहा जा रहा है कि उसे ‘ठुल्ला’ शब्द से गहरा सदमा पहुंचा है।

उधर लाजपत नगर पुलिस थाने में अजय कुमार नाम के एक कांस्टेबल ने भी केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। यह जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी। अजय ने अपनी शिकायत में मुख्यमंत्री की ओर से पुलिस को ‘ठुल्ला’ कहने को पुलिस महकमे के लिए दुखदाई बताया है।

अरविंद केजरीवाल ने दो दिन पहले एक निजी टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा था कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) मामला दर्ज कर सकती है। लेकिन ये लोग कहते हैं कि आप दिल्ली पुलिस के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं कर सकते। केजरीवाल ने कहा था दिल्ली पुलिस का एक ‘ठुल्ला’ रेहड़ी वाले से पैसे मांगता है और उसके खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाए यह कैसे हो सकता है।