उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों से पहले अरविंद अपने सॉफ्ट हिंदुत्व के एजेंडे को लेकर सवालों के घेरे में आ गए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री से जब इससे संबंधित सवाल किए गए तो इसके जवाब में उन्होंने ही सवाल पूछ लिया कि क्या हनुमान चालीसा गाना पाप है? क्या प्रभु रामचंद्र के दर्शन करने अयोध्या जाना पाप है? केजरीवाल के अनुसार जब मैं ऐसा करता हूं तो ये दूसरे पार्टी वाले मुझे गाली देते हैं। अरविंद केजरीवाल ने टाइम्स नाऊ नवभारत के समिट में एक सवाल के जवाब में हिंदुत्व की परिभाषा को भी समझाया।
दिल्ली सीएम के अनुसार इस वक्त जो कुछ हिंदुत्व के नाम पर हो रहा है वो हिंदुत्व है ही नहीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम हर हिंदू के आराध्य हैं, मेरे हिसाब से रामचंद्र का कहा हुआ एक-एक शब्द, उनकी वाणी, उनके वचन मेरे लिए हिंदुत्व है। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन, उनसे प्रेरणा और उनका आचरण असली हिंदुत्व है। केजरीवाल के अनुसार मैं देश के 130 करोड़ लोगों को जोड़ना चाहता हूं। इंसान को इंसान के साथ जोड़ना चाहता हूं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर लोगों को गालियां और धमकियां देते हैं, दंगे कराते हैं ये हिंदुत्व नहीं है। विराट कोहली का नाम लिए बगैर केजरीवाल ने कहा कि एक सम्मानित क्रिकेटर हैं, उनकी 8 महीने की बेटी है, उन्होंने ऐसा कुछ कह दिया जो उनको पसंद नहीं है तो उस 8 महीने की फूल सी गुड़िया को बलात्कार की धमकी दे रहे हैं, जो हिंदुत्व नहीं है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उसमें दलितों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि दलितों के ऊपर अत्याचार किया जाता है, उन्हें मारा-पीटा जाता है, जो हिंदुत्व नहीं है। इसके बाद उन्होंने शबरी की झूठे बेर की कहानी का उदाहरण देते हुए कहा कि जिसे हम अपना भगवान मानते हैं वो झूठे बेर खाते हैं और लोग हिंदुत्व के नाम पर दलितों का अपमान करते हैं उनका अत्याचार करते हैं।
बताते चलें कि अरविंद केजरीवाल पिछले उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान के दौरान अयोध्या पहुंचे थे। दिवाली के मौके पर भी धार्मिक क्रियाएं करते दिखाई दिए थे, जिसके बाद से उनके पुराने बयानों को याद किया जा रहा है, धर्म की राजनीति पर उठाए गए सवालों को भी याद दिलाया जा रहा था।