CM Kejriwal Birthday: आज दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद कजरीवाल का जन्मदिन है। प्रधानमंत्री मोदी सहित पक्ष-विपक्ष के कई बड़े नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाइयां दी हैं। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और अपने साथी मनीष सिसोदिया को याद किया है। 

 पीएम मोदी ने अरविंद केजरीवाल को बधाई देते हुए लिखा, “अरविंद केजरीवाल जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।” इसके जवाब में अरविंद केजरीवाल ने लिखा,”सर, बधाई के लिए आपका धन्यवाद।” 

‘मनीष को याद कर रहा हूं’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने X (Twitter) पर लिखा,‘‘आज मेरा जन्मदिन है। बहुत से लोग शुभकामनाएं दे रहे हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद। लेकिन मुझे मनीष की याद आ रही है। वह एक झूठे मामले में जेल में हैं। आइए, आज हम सभी प्रण करें कि हम भारत के हर बच्चे को सर्वश्रेष्ठ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार सब कुछ करेंगे।’’

आप नेता ने कहा, ‘‘इसी के माध्यम से एक मजबूत भारत की नींव रखी जाएगी। इससे भारत को नंबर 1 बनाने के हमारे सपने को साकार करने में मदद मिलेगी। इससे मनीष भी खुश होंगे।’’

पक्ष-विपक्ष के कई नेताओं ने दी बधाई 

दिल्ली के मुख्यमंत्री आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्हें सभी पार्टियों के कई नेताओं ने बधाई संदेश भेजे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लिखा, “देश में एक नई राजनीतिक क्रांति को जन्म देने वाले और आम आदमी की आवाज़ को सत्ता के गलियारों तक पहुँचाने वाले आम आदमी अरविंद केजरीवाल जी को जन्मदिन की बहुत बहुत बधाई हो..आबाद रहो.. ज़िंदाबाद रहो।” 

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने लिखा,”दिल्ली के माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय अरविंद केजरीवाल जी को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक शुभकामनाएँ। उनके सफल, सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करता हूँ।” इसके अलावा एमके स्टालिन, वीके सक्सेना,नितिन गडकरी और अन्य नेताओं ने भी अरविंद केजरीवाल को बधाई संदेश भेजे हैं।