सेना ने कश्मीर के गुरेज सेक्टर में घुसपैठ की बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए पांच आतंकवादियों को मार गिराया। श्रीनगर में रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एनएन जोशी ने कहा कि गुरेज सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए सेना ने पांच आतंकवादियों को ढेर कर दिया। चौकस जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।
अभियान का विवरण देते हुए कर्नल जोशी ने बताया कि सेना का घुसपैठियों से गुरुवार रात को पहली बार आमना सामना हुआ जब उन्होंने नियंत्रण रेखा पार की। उनको चुनौती दी गई तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। सेना की जवाबी गोलीबारी में दो आतंकी मारे गए। बाकी आतंकवादी चट्टानों और झाड़ियों के पीछे छिप गए। लेकिन आतंकवादी कड़ी घेरेबंदी को तोड़ नहीं पाए और शुक्रवार दोपहर तक सेना ने बाकी तीनों आतंकवादियों का भी सफाया कर दिया। प्रवक्ता ने कहा कि अब तक मारे गए आतंकवादियों और उनके संगठन की पहचान नहीं हो पाई है।
उधर, जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के जामिया मस्जिद क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सुरक्षाबलों पर पथराव के पुलिस और अलगाववादियों के बीच झड़पें हुईं। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी झंडे लहराए और वे जैश ए मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर के पोस्टर लिए हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।
ये प्रदर्शनकारी नौवहट्टा के जामिया मस्जिद में शुक्रवार की नमाज के बाद एकत्रित हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि झड़पें आसपास के क्षेत्रों जैसे गोजवारा, हवाल, रजौरी कादल और कावदरा में फैल गई लेकिन अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।