भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के नेता संजय निषाद ने पिछले दिनों बयान देते हुए कहा था कि भगवान राम राजा दशरथ के बेटे नहीं थे। उनके इसी बयान पर एक टीवी डिबेट के दौरान जब कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जो राम का अनादर करेगा वो नर्क में जाएगा। तो इसपर भाजपा प्रवक्ता ने भी जवाब देते हुए इसलिए आपके पास सिर्फ सात सीटें है।

आजतक न्यूज चैनल पर आयोजित टीवी डिबेट में एंकर चित्रा त्रिपाठी के सवाल के जवाब में कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि सनातन धर्म का जो अपमान करेगा वो पाप, श्राप और नर्क का भागी होगा। जो सनातन धर्म और भगवान राम के नाम पर वोट की राजनीति करेगा वो निश्चित रूप से नर्क में जाएगा। साथ ही कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के नेता संजय निषाद ने भगवान राम की वल्दियत को बदलने का काम किया और राजा दशरथ एवं माता कौशल्या को बेइज्जत किया। उससे इन्हें कोई आपत्ति नहीं है। 

कांग्रेस प्रवक्ता के इन बयानों पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि इन्होंने आजतक राम को काल्पनिक या झूठा कहने के लिए माफ़ी नहीं मांगी। साथ ही भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सुरेंद्र राजपूत ने अच्छी बात कही कि जो राम के साथ द्रोह करेगा वो नर्क में जाएगा। जिस समय रामजन्मभूमि आंदोलन हुआ उस समय आपकी उत्तरप्रदेश विधानसभा में 287 और केंद्र में 402 सीटें थी। लेकिन आज सिर्फ 7 सीटें हैं।

आगे भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हमारे पास उस समय सिर्फ 18 सीटें थी। आज 315 और केंद्र में 303 सीटें है। साथ ही उन्होंने रामचरित मानस के एक श्लोक का हवाला देते हुए कहा कि जो राम के साथ द्रोह करता है। उसके साथ न्याय संसार में भी हो जाता है और परमार्थ में भी हो जाता है।

बता दें कि पिछले दिनों निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने भगवान राम को लेकर विवादित बयान देते हुए कहा था कि भगवान श्री राम और निषाद राज का जन्म मखौड़ा घाट पर हुआ था।  साथ ही उन्होंने भगवान राम को राजा दशरथ का तथाकथित पुत्र बताते हुए कहा कि खीर खाने से बच्चा नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा था कि  भगवान राम को उनके माता पिता और अयोध्यावासी भी नहीं समझ सके। लेकिन निषाद राज ने ही भगवान राम की असली शक्ति को पहचाना। जो भगवान को पहचानता है उसका दर्जा भगवान से भी बड़ा हो जाता है और निषाद राज का भी यही दर्जा है।