आत्मदाह मामले में पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तार की बाद उत्तर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तार को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर सवाल खड़े किए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा, ”भूतपूर्व पुलिस के विरुद्ध भाजपा सरकार की पुलिस का अभूतपूर्व कार्य। भाजपाई राजनीति लोगों के बीच दरार पैदा करके ही जिंदा है। अब भाजपा सरकार के दबाव के कारण पुलिस ही पुलिस के खिलाफ काम करने पर मजबूर है। एक सेनानिवृत आईपीएस के साथ ऐसा व्यवहार अक्षम्य है।” उनके इस बयान पर ‘एपीएन न्यूज़’ चैनल पर चर्चा हो रही थी। इस दौरान भाजपा प्रवक्ता विजय खैरा ने समाजवादी पार्टी पर अपराधियों को बचाने का आरोप लगाया और कानून के खिलाफ ना जाने की धमकी दी।
भाजपा प्रवक्ता विजय खैरा ने कहा, “हर बात पर लोकतंत्र- लोकतंत्र करने लगते हैं। जो पीड़िता ने कहा उसपर एक्शन हुआ है। इसपर भी इनको दिक्कत है। आप राजनीति के लिए पीड़िता के खिलाफ हो गए हैं और हमको बता रहे हैं की हमने गिरफ्तार कर लिया। ये हमें लोकतंत्र सीखा रहे हैं। जिन्होंने खुद लोकतंत्र को एक किनारे कर दिया था। मरते हुए किसी ने बयान दिया है ये उसको भी नहीं मान रहे। ये सपा का चेहरा है, जो हर दूसरे दिन नंगा होता है। सामने आ जाता है बेनकाब होकर।”
भाजपा नेता ने कहा कि खुले आम पीड़िता आरोप लगा रही है। फिर भी ये उसका साथ दे रहे हैं। विजय खैरा ने कहा, “सपा को लगता है कि यह बच जाएगा तो दारोगा और पुलिसवाले भी बच जाएंगे। ऐसा काम सपा ही करती है।”
विजय खैरा ने कहा, “अगर ऐसे लोगों को बचाओगे और उनके साथ जाओगे तो मैं खुले आम धमकी दे रहा हूं। अगर लोकतंत्र के नाम पर कानून के खिलाफ जाओगे तो तुम्हें भी नहीं छोड़ेंगे।”
