भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता है। इस पर कारोबारी आनंद महिंद्रा ने नीरज चोपड़ा को गिफ्ट देने का वादा किया है। बता दें कि नीरज भारत के लिए ओलंपिक में एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं। आनंद महिंद्रा ने कहा है कि वे नीरज को महिंद्रा XUV700 गिफ्ट करेंगे।
दरअसल, इससे पहले एक ट्विटर यूजर रितेश जैन ने महिंद्रा से ट्विटर पर कहा कि उन्हें ऐसा करना चाहिए। जैन को जवाब देते हुए, महिंद्रा ने ऑटो कंपनी के दो अधिकारियों को टैग किया और उन्हें नीरज चोपड़ा के लिए एक XUV700 तैयार रखने के लिए कहा। आनंद महिंद्रा ने ट्वीट किया, “हां, जरूर। यह मेरे लिए सम्मान की बात होगी कि हम अपने गोल्डन एथलीट को एक XUV7OO दें।”
Yes indeed. It will be my personal privilege & honour to gift our Golden Athlete an XUV 7OO @rajesh664 @vijaynakra Keep one ready for him please. https://t.co/O544iM1KDf
— anand mahindra (@anandmahindra) August 7, 2021
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीरज चोपड़ा से फोन पर बात की और उनकी प्रशंसा की कि उन्होंने चोटों और ब्रेक को अपने प्रदर्शन में बाधा नहीं बनने दिया। मोदी ने नीरज चोपड़ा से कहा, ‘‘नीरज आपको बहुत बहुत बधाई। आपने ओलंपिक में हमारी प्रतिस्पर्धाओं के अंतिम दिन देश को खुश कर दिया।”
चोपड़ा ने इसका जवाब दिया, ‘‘मैं अच्छा करना चाहता था, स्वर्ण पदक जीतना बहुत बड़ी बात है। मुझे काफी लोगों का सहयोग और शुभकामनायें मिलीं। ’’ प्रधानमंत्री ने फिर मजाक में उनके गृहनगर पानीपत का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘पानीपत ने पानी दिखा दिया। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपको एक साल ज्यादा मेहनत करनी पड़ी क्योंकि कोविड-19 लॉकडाउन के कारण ओलंपिक में देरी हुई। आप कंधे की चोट (2019) से भी जूझते रहे। इन सभी बाधाओं के बावजूद आपने कमाल कर दिया, यह सिर्फ कड़ी मेहनत के कारण हुआ। ’’
#WATCH | During a phone call, PM Narendra Modi congratulates javelin thrower Neeraj Chopra who won #Gold medal at #TokyoOlympics today pic.twitter.com/rGwiTJmx4U
— ANI (@ANI) August 7, 2021
चोपड़ा ने स्वीकार किया कि उनके लिये यह काम आसान नहीं था। उन्होंने कहा, ‘‘बहुत मुश्किल था सर।’’ मोदी ने चोपड़ा के आत्मविश्वास के बारे में भी बात की जिसे ओलंपिक फाइनल्स के दौरान सभी ने देखा लेकिन प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने खेलों से पहले इसे देख लिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस दिन मैंने आपसे बात की, उस दिन ही मैंने आपके चेहरे का आत्मविश्वास देख लिया था।’’ नीरज चोपड़ा ने कहा, ‘‘मैं सिर्फ अपना शत प्रतिशत देना चाहता था। ’’
मोदी ने चोपड़ा से कहा कि उन्होंने अपनी उपलब्धि से युवा पीढ़ी को प्रेरित किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आपने युवा पीढ़ी को प्रेरित किया है। हमने उन खेलों में अच्छा प्रदर्शन दिखाया है जिनमें हम सामान्यत: अच्छे नहीं हैं। खेल देश के लिये बहुत जरूरी हैं। यह आपके परिवार के लिये गर्व का पल है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपसे 15 अगस्त को मिलूंगा। बहुत बधाई। ’’