राजस्थान में भाजपा की वसुंधरा सरकार रविवार को अपने दो साल पूरे होने के मौके पर बड़ा जश्न मनाएगी। इसके लिए प्रदेश भर से भाजपा के कार्यकर्ताओं को जयपुर बुलाया गया है और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह समेत कई बडे़ नेता इसमें शामिल होंगे। दूसरी तरफ कांग्रेस ने वसुंधरा सरकार को सभी मोर्चों पर नाकाम करार दिया है। कांग्रेस का कहना है कि वसुंधरा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी, इससे आम आदमी में मायूसी छाई हुई है।
राज्य की वसुंधरा सरकार 13 दिसंबर को अपने शासन के दो साल पूरे करेगी। इस मौके पर होने वाले आयोजनों को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रदेश भाजपा ने जयपुर के जनपथ पर कार्यकर्ताओं की बड़ी सभा का आयोजन किया है। इसमें प्रदेश भर से करीब दो लाख पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इसके साथ ही सरकार की तरफ से दो साल के कामकाज को लेकर विकास प्र्रदर्शनी भी लगेगी। सरकार के मंत्रियों और प्रदेश भाजपा के नेताओं ने शनिवार को यहां कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया। प्रदेश भाजपा मुख्यालय को पार्टी के झंडे और बैनरों से सजाया गया है। इसके अलावा जयपुर शहर में भी भाजपा के झंडे और बैनर लगा कर वसुंधरा सरकार के दो साल के शासन को जनहित में बताया गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी का कहना है कि सरकार की दूसरी सालगिरह पर होने वाले आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश है। परनामी ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने दो साल में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। राजस्थान को बीमारू प्रदेश की श्रेणी से निकालने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद करार दिया और कहा कि सरकार ने विकास के जो काम किए हैं उससे कांग्रेस बौखला गई है।
दूसरी तरफ कांग्रेस ने वसुंधरा सरकार के दो साल के कामकाज को विफल करार दिया है। कांग्रेस ने सरकार की नीतियों के खिलाफ शनिवार को सभी जिलों में प्रदर्शन कर जिला कलेक्टरों को ज्ञापन दिया। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस सोमवार को जयपुर में प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन देगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में आम आदमी और बेरोजगारों के हितों की अनदेखी हो रही है। सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए ही जयपुर में कार्यकर्ताओं को जमा कर सच्चाई को छिपाने में लगी है। प्रदेश में कर्मचारी और बेरोजगार युवा अपने हितों की अनदेखी पर लगातार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और आंदोलन कर रहे है।
सरकार की असंवेदनशीलता और संवादहीनता के कारण ही प्रदेश का हर वर्ग आंदोलन कर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कहना है कि वसुंधरा सरकार ने दो साल सिर्फ योजनाओं की समीक्षा और दौरों में निकाल दिए हैं। सरकार की तरफ से एक भी जनकल्याणकारी योजना शुरू नहीं की गई है। जयपुर में मेट्रो के दूसरे चरण और बाड़मेर में रिफाइनरी की स्थापना के मुद्दे को सरकार ने जानबूझकर लटका रखा है। प्रदेश भाजपा का ही बड़ा वर्ग वसुंधरा सरकार के गिरते ग्राफ पर चिंतित हो उठा है। भाजपा के नेता ही सरकार की कार्यशैली के खिलाफ अपने आलाकमान को शिकायतें कर रहे हैं।