भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे राज्य के हर घर में जाएं। वहां जाकर लोगों को जेएनयू में लगाए गए देशविरोधी नारों की जानकारी दें और पूछें कि क्या वे ऐसे नारे बर्दाश्त करेंगे? लखनऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी कहा कि वे साफ करें कि वहां लगे नारे देशविरोधी हैं या नहीं।
शाह ने कहा जेएनयू में नारे लगाए गए- अफजल हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं। भारत तेरी बर्बादी तक जंग जारी रहेगी। भारत तेरे टुकड़े होंगे। हर घर में अफजल पैदा होगा। शाह के मुताबिक राहुल गांधी ने जेएनयू जाकर कहा कि वहां बोलने की आजादी नहीं है। मैं फिर उनसे पूछता हूं कि वे बताएं ये नारे राष्ट्र विरोधी हैं अभिव्यक्ति की आजादी के खिलाफ? उन्होंने कहा कि वह छह दिन से राहुल से यह सवाल कर रहे हैं, पर उन्हें कोई जवाब नहीं मिल रहा है। शाह ने पत्रकारों से भी अपील की कि वे राहुल से बार-बार यह सवाल करें।
शाह ने यह भी दावा किया कि अगले साल होने वाले चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। पूर्ण बहुमत से सरकार बनाना पार्टी का लक्ष्य है। इस लक्ष्य को हासिल करने में कार्यकर्ता एक बार फिर अहम भूमिका निभाएंगे। ठीक उसी तरह जैसे उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में निभाई थी और 80 में से 71 सीटें भाजपा को दिलवाई थीं।