केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बड़ी बहन राजूबेन का सोमवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। राजूबेन का कुछ महीने पहले फेफड़े के ट्रांसप्लांट हुआ था और उसके बाद वह मुंबई के एक अस्पताल में एडमिट थीं। इस घटना के बाद अमित शाह ने गुजरात में होने वाले दो पब्लिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया।
भाजपा के एक नेता ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि अपनी बड़ी बहन की मृत्यु के बाद अमित शाह ने अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए। अमित शाह को आज गुजरात में दो सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेना था। एक कार्यक्रम बनासकांठा जिले के देवदार में बनास डेयरी में और दूसरा गांधीनगर में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में था। अमित शाह का बनास डेयरी की विभिन्न परियोजनाओं और उत्पादों को लॉन्च करने और एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम था।
अमित शाह की बहन राजेश्वरीबेन 65 वर्ष की थी। उनका अहमदाबाद के एक अस्पताल में फेफड़े का ट्रांसप्लांट हुआ था और बाद में उन्हें मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पिछले हफ्ते अमित शाह ने एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में उनसे मुलाकात भी की थी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उद्योगपति मुकेश अंबानी ने भी राजेश्वरीबेन से मुलाकात की थी।
अमित शाह गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। वह बीजेपी समर्थकों के साथ मकर संक्रांति मनाने के लिए रविवार से ही अहमदाबाद में थे। सोशल मीडिया पर एक विडियो भी सामने आया है, जिसमे अमित शाह पतंगबाजी करते हुए देखे जा सकते हैं। उत्तरायण पर अमित शाह 14 जनवरी को भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के साथ वहां पूजा-अर्चना की थी।
10वें वाइब्रेंट गुजरात समिट में लिया था हिस्सा
अमित शाह ने 12 जनवरी को 10वें वाइब्रेंट गुजरात समिट में भी हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने कहा था, “विकसित भारत का प्रवेश-द्वार गुजरात से होकर गुजरता है और पूरे देश के इस विश्वास को बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। नरेंद्र मोदी के पहली बार प्रधानमंत्री बनते समय भारत दुनिया की 11वीं बड़ी अर्थव्यवस्था था लेकिन आज यह पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है।” अमित शाह ने यह भी दावा किया था कि मोदी जी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।