पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनीया ने कांग्रेस जॉइन कर ली है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की है। वह हरियाणा विधानसभा चुनाव में बतौर कांग्रेस उम्मीदवार भी दिखाई दे सकते हैं। दोनों ही खिलाड़ियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी। विनेश फोगाट के कांग्रेस से करीब होने की खबर उनके पेरिस से लौटने के बाद से ही सुनाई देने लगी थी, जब हरियाणा कांग्रेस के बड़े नेता दीपेंद्र हुड्डा उनसे मिलने पहुंचे थे। अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

विनेश हमारी बेटी है : हरियाणा सीएम नायब सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि विनेश फोगाट हरियाणा की बेटी और वह उनपर गर्व करते हैं। नायब सिंह सैनी ने आजतक से बात करते हुए कहा,”विनेश हमारी बेटी है, हमने उनका सम्मान किया, कांग्रेस राजनीति कर रही है और वह कांग्रेस की राजनीति का शिकार हो रहे हैं।”

नायब सिंह सैनी ने की विनेश फोगाट की तारीफ

हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने विनेश फोगाट की तारीफ करते हुए कहा कि जब विनेश ने पेरिस में अच्छा प्रदर्शन किया तो हमने उनका सम्मान किया और उन्हें इनाम दिया। नायब सिंह सैनी ने कहा,”जब किसी खिलाड़ी का मनोबल गिरता है तो यह हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम उसका मनोबल बढ़ाएं, विनेश ने दुनिया में विनेश फोगाट का नाम चमकाया है, हमने तभी कहा कि हम उन्हें सम्मान की नज़र से देखेंगे।”

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष और पंचकूला विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा, “यह उनकी निजी पसंद है कि वे चुनाव लड़ना चाहते हैं या नहीं। विनेश फोगट ने देश को गौरवान्वित किया है। बजरंग पुनिया भी बहुत अच्छे पहलवान थे। खेल और राजनीति अलग-अलग चीजें हैं। अगर विनेश फोगट ने फैसला किया है कि उनका खेल करियर खत्म हो गया है, तो हम उनके राजनीति में आने के फैसले का स्वागत करते हैं। मुझे उम्मीद है कि वे दोनों राजनीति के लिए कुछ अच्छा करेंगे।”