भारत सरकार ने रविवार को जनता कर्फ्यू के मौके पर ही अलग-अलग राज्य सरकारों को 75 जिले लॉकडाउन करने के निर्देश दिए। यह वे जिले थे, जहां कोरोनावायरस के पॉजिटिव केस पाए गए। कुछ राज्य सरकारों ने अपनी तरफ से पूरे प्रदेश में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया। जहां-जहां लॉकडाउन लगा है, वहां सीमाएं सील कर दी गई हैं। साथ ही सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर भी बड़े स्तर पर रोक लगा दी गई। कई लोग इस स्थिति को कर्फ्यू से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, इसी बीच सबसे पहले लॉकडाउन का ऐलान करने वाले पंजाब ने राज्य में कर्फ्यू की घोषणा कर दी। ऐसे में लोगों के लिए लॉकडाउन और कर्फ्यू में फर्क करना काफी मुश्किल हो गया।
क्या है कर्फ्यू?
किसी भी देश के कानून के तहत अगर कर्फ्यू लगाया जाता है, तो लोग इमरजेंसी छोड़कर किसी भी स्थिति में अपने घरों से बाहर नहीं निकल सकते। इसका प्रमुख मकसद लोगों को सड़कों से दूर रखने का होता है। कर्फ्यू बेहद कड़ा मैंडेट है, जिसके तहत लोगों को निश्चित समय के लिए घरों में ही रहना होता है। इसका उल्लंघन करने वालों को जेल में डाला जा सकता है।
क्या है लॉकडाउन?
बड़ी संख्या में लोगों को क्वारैंटाइन में रखने के दौरान लॉकडाउन सबसे बेहतर स्थिति होती है। यह आमतौर पर तब लगाया जाता है, जब लोगों के क्वारैंटाइन की स्थिति इमरजेंसी जैसी हो जाती है। यानी किसी एक जगह को सीमित करने के लिए लॉकडाउन प्रतिबंध लगाने का तरीका होता है। इस स्थिति में लोगों को घर छोड़ने और बाहर घूमने के लिए सर्टिफिकेट की जरूरत होती है। जिन जगहों पर लॉकडाउन होता है, वहां के लोग आपात स्थितियों के अलावा एक निश्चित इलाके से बाहर नहीं जा सकते।
कर्फ्यू और लॉकडाउन में अंतर?
कर्फ्यू और लॉकडाउन के बीच प्रशासनिक गतिविधियों का फर्क होता है। आमतौर पर कर्फ्यू बेहद गंभीर स्थिति में लगाया जाता है। चूंकि इसमें छूट बेहद कम होती है, इसलिए कर्फ्यू के दौरान सिर्फ वही सेवाएं चालू रहती हैं, जो बेहद जरूरी हों। जब किसी इलाके में अगर दंगे या हिंसा होती है और प्रशासन स्थिति पर काबू पाने के लिए कर्फ्यू लगाता है। जितनी देर कर्फ्यू रहता है, उतनी देर जरूरी सेवाएं जैसे बाजार और बैंक भी बंद रहते हैं। जब कर्फ्यू में ढील दी जाती है, तभी ये सारी सेवाएं भी लोगों को मुहैया कराई जाती हैं।
लॉकडाउन में जरूरी सेवाएं बंद नहीं की जाती हैं। देश की कई सरकारों ने ऐलान किया है कि लोग घरों से कम से कम निकलें और उनके लिए जरूरी सेवाएं जैसे बैंक, डेयरी, दुकानें खुले रहेंगे। हालांकि, इन जगहों पर भी भीड़ के जुटने की मनाही होती है।