भारत और चीन के बीच सीमा पर विवाद अभी भी बरकरार है। दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है। इस बीच भारतीय सैनिकों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए राह भटके चीनी नागरिकों की मदद की और उन्हें राह दिखाई साथ ही ऑक्सीजन भी दिए। इस मदद के लिए लोग भारतीय सेना के जवानों की तारीफ कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि तीन सितंबर को उत्तरी सिक्किम के पठार क्षेत्र में तीनी चीनी नागरिक रास्ता भटक गए थे। तापमान शून्य से भी कम होने के चलते इन लोगों को कई कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ा। चीनी नागरिकों को परेशान होता देख भारतीय सेना के जवान वहां पुहंचे और तीनों चीनी नागरिकों की मदद की।
सेना की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि दो चीनी पुरुष और एक महिला उत्तरी सिक्किम में फंसे हुए थे। भारतीय जवानों ने उनकी मदद करते हुए उन्हें ऑक्सीजन, खाना और गर्म कपड़ों के साथ-साथ चिकित्सा मदद मुहैया कराई।
इतना ही नहीं भारतीय जवानों ने उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचने में भी मदद की। चीनी नागरिकों ने भारतीय जवानों की ओर से दी गई मदद के लिए भारत और भारतीय सेना का आभार जताया है।